फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप का शुभारंभ, युवाओं को नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास का मिलेगा प्रशिक्षण

फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप का शुभारंभ, युवाओं को नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास का मिलेगा प्रशिक्षण
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), जिला हमीरपुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय आवासीय “फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप” का शुभारंभ आज जिला पंचायत संसाधन केंद्र, हमीरपुर में हुआ। यह बूटकैंप 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 35 युवा प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ त्रिशा बी.एड. कॉलेज के प्रबंध निदेशक श्री एन.के. शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी दीपमाला ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने स्वागत संबोधन में जिला युवा अधिकारी दीपमाला ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उन्हें बूटकैंप किट, टी-शर्ट एवं कैप वितरित किए। उन्होंने कहा कि इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करना है। मुख्य अतिथि श्री एन.के. शर्मा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में युवाओं को प्रभावी नेतृत्व के गुणों, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं टीम भावना के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि एक सफल नेता वही होता है जो स्वयं के साथ-साथ समाज को भी सही दिशा देने की क्षमता रखता है। उन्होंने युवाओं से अपने नेतृत्व कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।मुख्य अतिथि दौरा युवाओ को नशा मुक्त भारत की सपत भी दिलाई गई । इसके उपरांत पीएनबी आरसेटी, हमीरपुर के निदेशक श्री अजय कटना ने प्रतिभागियों को डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान प्रणाली एवं सुशासन (गवर्नेंस) के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं को सुरक्षित डिजिटल लेन-देन अपनाने तथा वित्तीय रूप से जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं, युवा सेवा एवं खेल विभाग, हमीरपुर के यूथ ऑर्गेनाइज़र श्री सन्नी ने प्रतिभागियों को युवा संसद की अवधारणा, उद्देश्य तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवा संसद युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल एवं संवैधानिक मूल्यों की समझ विकसित करने का एक प्रभावी मंच है। इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर सुश्री चंबा ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं तथा उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में माय भारत हमीरपुर के अकाउंटेंट प्रताप चंद,एम टी एस किशोर चंद व वालंटियर मुख्य रूप से उपस्थित रहे ! बूटकैंप के आगामी दो दिनों में प्रतिभागियों को नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण, टीम बिल्डिंग, संचार कौशल, सुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्र निर्माण तथा विभिन्न प्रेरणादायी विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।