रैल-बड़ा क्षेत्र को बड़ी सौगातें देंगे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू

आईटीआई, पीएचसी और स्कूल भवन तथा सधोड़ापत्तन पुल जैसे बड़े प्रोजेक्टों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे

रैल-बड़ा क्षेत्र को बड़ी सौगातें देंगे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 17 और 18 सितंबर को नादौन विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के दौरान जन स्वास्थ्य शिविर के शुभारंभ के साथ-साथ कई बड़ी विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करके रैल-बड़ा क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात देंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री वीरवार 17 सितंबर को सुबह 11 बजे आईटीआई रैल के परिसर में नए भवन की आधारशिला रखेंगे और पौधारोपण भी करेंगे। इसके तुरंत बाद वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैल के नवनिर्मित भवन का उदघाटन और जन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करेंगे। दोपहर बाद वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैल के भवन का शिलान्यास भी करेंगे। शाम को वह सेरा के विश्राम गृह में ही रुकेंगे। शुक्रवार 18 सितंबर को सुबह करीब साढे ग्यारह बजे मुख्यमंत्री सधोड़ापत्तन के पास ब्यास नदी पर बनने वाले पुल का शिलान्यास करेंगे और इसके बाद आईटीआई रैल के हैलीपैड से शिमला रवाना हो जाएंगे। सधोड़ापत्तन पर करोड़ों की लागत से बनने वाला पुल नादौन उपमंडल के रैल-बड़ा क्षेत्र की कई पंचायतों को कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी उपमंडल के सिल्ह व अन्य इलाकों को आपस में जोड़ेगा। इससे नादौन और ज्वालामुखी उपमंडल के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। उन्हें ब्यास के आर-पार जाने के लिए कई किलोमीटर के चक्कर से निजात मिलेगी। सधोड़ापत्तन का यह पुल दोनों क्षेत्रों के लोगों के लिए मुख्यमंत्री की बहुत बड़ी सौगात होगी। मुख्यमंत्री के इस महत्वपूर्ण दौरे के मद्देनजर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिला के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने रैल में जन स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों की समीक्षा भी की।