विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज में अधिक से अधिक युवा लें भाग: अभिषेक गर्ग

माय भारत पोर्टल पर 30 सितंबर तक आयोजित की जा रही है विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज चार अलग-अलग चरणों के बाद प्रतिभागियों को राष्ट्रीय संवाद में अपने विचार साझा करने का मिलेगा मौका

विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज में अधिक से अधिक युवा लें भाग: अभिषेक गर्ग
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जिले के अधिक से अधिक युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (वीबीवाईएलडी)-2027 से जोड़ने के उद्देश्य से वीरवार को माय भारत केंद्र हमीरपुर की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक एडीसी अभिषेक गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं संबंधित संस्थाओं के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभिषेक गर्ग ने बताया कि वीबीवाईएलडी-2027 युवाओं को केवल प्रतिभागी के रूप में नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय युवा नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे लाने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से 15 वर्ष से 29 वर्ष तक के युवाओं को अपने विचार, नवाचार एवं विकास संबंधी सुझाव प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसके प्रारंभिक स्तर पर विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज आयोजित की जा रही है। माय भारत पोर्टल पर 17 अगस्त से 30 सितंबर तक आयोजित इस क्विज में 20 प्रश्नों के लिए 10 मिनट का समय निर्धारित है तथा इसमें भाग लेने वाले युवाओं को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। क्विज के बाद चयनित प्रतिभागी दूसरे चरण में 5 से 9 अक्तूबर तक निबंध, तीसरे चरण में जिला चैंपियनशिप में प्रतिभागी 10 से 16 नवंबर तक पीपीटी प्रस्तुत करेंगे। चौथे चरण में 17 नवंबर से 7 दिसंबर तक राज्य स्तर पर पीपीटी और पांचवें चरण में 10 से 12 जनवरी तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय संवाद में भाग लेंगे। एडीसी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों, सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों, कालेजों और विश्वविद्यालयों के प्रधानाचार्यों को विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज में अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर पंजीकरण में कोई दिक्कत आ रही है तो इसके लिए माय भारत हमीरपुर के अधिकारियों एवं वॉलंटियरों से संपर्क करें। इस अवसर पर माय भारत केंद्र हमीरपुर की जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने वीबीवाईएलडी-2027 के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों से सहयोग का आग्रह किया। बैठक में डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर, डिग्री कालेज धनेटा के प्रधानाचार्य डॉ. जीसी राणा, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा, विभिन्न कालेजों के प्रधानाचार्यों एवं नोडल अधिकारियों तथा माय भारत के वॉलंटियरों ने भी भाग लिया।