शहादत के 61 वर्षों बाद गरीबू राम को मिला सम्मान, क्षेत्र गौरवान्वित

विधायक आशीष शर्मा ने शहीद के परिवार को किया सम्मानित

शहादत के 61 वर्षों बाद गरीबू राम को मिला सम्मान, क्षेत्र गौरवान्वित
जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत ललीण के टुकलेहड़ा गांव निवासी बलिदानी सिपाही अमर शहीद श्री गरीबू राम के परिवार को उनके देश के लिए दिए बलिदान के 61 वर्ष बाद राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। 16 अगस्त को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक में आयोजित समारोह में भारतीय सेना और भारत सरकार की ओर से उनके परिजनों को सेना और भारत सरकार की ओर से सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में बुधवार को विधायक सदर आशीष शर्मा ने उनके गांव जाकर शहीद के भाई जुल्फी राम एवं परिवार को सम्मानित किया। विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि भारत पाकिस्तान के युद्ध के दौरान 15 डोगरा रेजीमेंट में तैनात 25 वर्षीय गरीबू राम शहीद हो गए थे। अब उन्हें सरकार द्वारा सम्मान दिया गया। यह सम्मान मिलने से परिवार के साथ पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। गरीबू राम पुत्र इंद्र दत्त और माता कौशल्या देवी के पुत्र थे। शहीद होने से करीब दो वर्ष पहले उनका विवाह रोशनी देवी से हुआ था। उस सम्स्य रोशनी देवी की उम्र महज 18 वर्ष थी। पति की बलिदान के बाद उन्होंने पुनर्विवाह नहीं किया और पूरा जीवन उनकी स्मृतियों के साथ बिताया। समारोह में शहीद के भाई एवं पूर्व सैनिक जुल्फी राम, उनकी पत्नी शकुंतला देवी, पुत्रवधू रीना देवी, करण कुमार शर्मा, भानजे राजकुमार और उनकी पत्नी कांता देवी शामिल हुई। पंचायत प्रधान सोनिका और उपप्रधान रोहित शर्मा ने कहा कि इस सम्मान से पूरा क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने विधायक आशीष शर्मा का भी शहीद के परिवार को सम्मानित करने के लिए आभार व्यक्त किया है।