अब देखना होगा, कब और किस रुप में जनता के सामने प्रकट होते हैं कांग्रेस के बागी नेता

अब देखना होगा, कब और किस रुप में जनता के सामने प्रकट होते हैं कांग्रेस के बागी नेता

 प्रदेश की सियासत में चार दिन से नाटकीय घटनाक्रम चल ही रहा है। चार दिन पहले राज्यसभा के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को वोट देने वाले कांग्रेसी विधायक अंडरग्राउंड हैं, किसी को नजर नहीं आ रहे हैं। इसी बीच वह विधायक से पूर्व विधायक हो गए, लेकिन अभी तक परदे के पीछे ही अपनी रणनीति बना रहे हैं। मीडिया के हवाले से उनके बारे में खबरें तो आ रही हैं, लेकिन कांग्रेस के बागी नेता नहीं दिखे। खबरें यही हैं कि कुछ भाजपा नेताओं के साथ वह चंडीगढ़ और पंचकूला में ठहरे हैं। विधानसभा से सदस्यता खत्म होने के बाद वह अदालत जाने की बात कर रहे हैं। लेकिन सभी 6 पूर्व विधायकों पर यह आरोप तो है ही कि उन्होंने पार्टी के खिलाफ वोट किया है। सभी पर आरोप यह भी है कि वह बिके हैं। यह सच्चाई वह ही बता सकते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से दो विधायकों ने जनता के सामने सफाई देने का प्रयास किया है कि आखिर उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ वोट क्यों दिया। इस सबके बीच अभी तक सभी 6 नेता जनता के सामने नहीं आए हैं। अभी वह विधानसभा के सदस्य भी नहीं हैं यानि अपने क्षेत्र के विधायक भी नहीं रहे। अब देखना होगा कि यह सभी नेता कब और किस रुप में जनता के सामने प्रकट होते हैं। क्या सफाई लेकर जनता के बीच आएंगे कि आखिर उन्होंने पार्टी से बगावत क्यों की। यह सवालों का सामना तो उनको जनता के सामने करना ही होगा। मुख्यमंत्री सुक्खू ने साफ कहा कि सभी 6 विधायक बिके हैं और उनको जनता को फेस करना मुश्किल होगा।