किसानों के हित में हिमाचल के साथ हमेशा खड़ी है मोदी सरकार : अनुराग सिंह ठाकुर

केंद्र ने 12 वर्षों में हिमाचल के कृषि विकास के लिए 589.59 करोड़ रुपये आवंटित किए, दूसरी किस्त के 64.82 करोड़ रुपये जारी होने पर अनुराग सिंह ठाकुर ने जताया आभार

किसानों के हित में हिमाचल के साथ हमेशा खड़ी है मोदी सरकार : अनुराग सिंह ठाकुर
पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के किसानों के हितों और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा 64.82 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि जारी की गई राशि में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) के तहत 28.31 करोड़ रुपये तथा कृषि उन्नति योजना के तहत 36.51 करोड़ रुपये शामिल हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के कृषि क्षेत्र को लगातार मिल रहा सहयोग प्रदेश के किसानों, विशेषकर छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (PM-RKVY) के तहत हिमाचल प्रदेश के लिए कुल 589.59 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसमें से 456.07 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, जबकि 378.24 करोड़ रुपये का उपयोग कृषि विकास से संबंधित कार्यों में किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में 52.26 करोड़ रुपये, वर्ष 2025-26 में 69.43 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2026-27 के लिए आवंटित 56.61 करोड़ रुपये की पूरी राशि जारी की गई है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक एवं कृषि संबंधी विशिष्ट परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार फसल विविधीकरण, आधुनिक सिंचाई सुविधाओं, कृषि अवसंरचना और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर निवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप कृषि क्षेत्र को आधुनिक, टिकाऊ और अधिक लाभकारी बनाने के लिए केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि केंद्र से प्राप्त इन निधियों का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ प्रदेश के किसानों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 88.85 प्रतिशत किसान छोटे एवं सीमांत श्रेणी से संबंधित हैं, इसलिए केंद्र सरकार से मिलने वाली प्रत्येक राशि का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत महत्वपूर्ण है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कृषि मंडियों के डिजिटलीकरण, बेहतर बाजार संपर्क, कृषि अनुसंधान, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा प्राकृतिक खेती के विस्तार सहित किसानों से जुड़े प्रत्येक विषय पर केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के साथ सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के किसानों के समग्र कल्याण और कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।