प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर हमीरपुर में निकली सेवा ज्योति यात्रा

भाजपा संयुक्त मोर्चों ने सभी मंडलों से मशाल यात्राएं जिला मुख्यालय पहुंचाईं, विकसित भारत के निर्माण का लिया संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर हमीरपुर में निकली सेवा ज्योति यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा जिला हमीरपुर द्वारा आज जिला मुख्यालय स्थित गांधी चौक में भाजपा संयुक्त मोर्चों के तत्वावधान में सेवा ज्योति यात्रा के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत भाजपा के सभी मंडलों से संयुक्त मोर्चों द्वारा मशाल यात्राएं निकाली गईं, जो जिला मुख्यालय हमीरपुर पहुंचीं। गांधी चौक पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कार्यक्रम प्रभारी जीतराम कटवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, स्थानीय विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमारी तथा पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहे। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में मुख्य अतिथियों ने ज्योति प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के प्रति समर्पण को स्मरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में उपस्थित जनसमूह ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सेवा, सुशासन, आत्मनिर्भरता और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। सेवा ज्योति यात्रा इसी जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।