भकरेड़ी के युवाओं को क्रिकेट एवं वॉलीबॉल किट भेंट, नरेश कुमार दर्जी ने दिया नशामुक्त भोरंज का संदेश

भकरेड़ी के युवाओं को क्रिकेट एवं वॉलीबॉल किट भेंट, नरेश कुमार दर्जी ने दिया नशामुक्त भोरंज का संदेश
भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भकरेड़ी में युवा मंडल भकरेड़ी के आग्रह पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर एवं समाजसेवी नरेश कुमार दर्जी (दर्जी भाई) ने क्षेत्र के युवाओं से संवाद किया तथा खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खिलाड़ियों को क्रिकेट किट एवं वॉलीबॉल किट भेंट की। इस अवसर पर नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में अपार प्रतिभा है, जिसे उचित अवसर और संसाधन मिलने पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं, अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन करें तथा समाज के लिए प्रेरणा बनें। उन्होंने कहा कि "जो युवा खेल के मैदान में अपना पसीना बहाता है, वह नशे जैसी बुराइयों से स्वतः दूर रहता है।" नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि उनका संकल्प भोरंज विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं को आवश्यक खेल संसाधन उपलब्ध कराने का है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि गांव-गांव में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा तो भोरंज एक स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त क्षेत्र के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने युवा मंडल भकरेड़ी की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताओं एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।