भाजपा प्रवक्ता महेंदर धर्माणी ने प्रतिभा सिंह पर परिवारवाद के मुद्दे पर साधा निशाना

भाजपा प्रवक्ता महेंदर धर्माणी ने प्रतिभा सिंह पर परिवारवाद के मुद्दे पर साधा निशाना

हमीरपुर में आज भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के मेवा सेक्टर के शहर प्रभारी महेंदर धर्माणी ने कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह पर तीखा हमला किया। पत्रकारों से बातचीत में धर्माणी ने कहा कि परिवारवाद की बात करना प्रतिभा सिंह को शोभा नहीं देता क्योंकि खुद उनकी पृष्ठभूमि भी परिवारवाद से जुड़ी है, जिसे प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है।

धर्माणी ने प्रतिभा सिंह से कांग्रेस सरकार की डेढ़ वर्ष की कार्यप्रणाली पर संतुष्टि की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब वह सुक्खू सरकार से पूरी तरह संतुष्ट हैं। उन्होंने याद दिलाया कि लगभग चार महीने पहले खुद प्रतिभा सिंह ने पत्रकार वार्ता में सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे और कहा था कि कांग्रेस का नेतृत्व प्रदेश में प्रभावी नहीं है। धर्माणी ने स्पष्ट किया कि प्रतिभा सिंह के बयान ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मनोबल को कमजोर कर दिया था और प्रदेश का माहौल भी कांग्रेस के पक्ष में नहीं था।

भाजपा प्रवक्ता ने प्रतिभा सिंह पर सवालों की बौछार करते हुए पूछा कि परिवार की सम्मान बहाली के लिए जो मुद्दे लेकर उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील की थी, क्या वे सभी मुद्दे अब सुलझ चुके हैं? उन्होंने विशेष रूप से पूछा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह जी की मूर्ति लगाने के लिए दो गज जमीन के मुद्दे का समाधान हो चुका है या नहीं। इसके अलावा, धर्माणी ने उस प्रतिष्ठित मंत्री के आरोपों का भी हवाला दिया जिन्होंने अपने परिवार की अनदेखी का आरोप सुक्खू सरकार पर लगाया था।

महेंदर धर्माणी ने कहा कि इन सभी सवालों का उत्तर प्रदेश की जनता को मिलना चाहिए, ताकि वे जान सकें कि कांग्रेस के अंदर क्या हो रहा है और प्रतिभा सिंह की नेतृत्व क्षमता पर सवालिया निशान लगा सकें।