अनुराग ठाकुर के प्रयासों से समीरपुर मंडल को मिली कई सौगातें
समीरपुर भाजपा मंडल ने जताया आभार

भारतीय जनता पार्टी समीरपुर मंडल के अध्यक्ष अभयवीर सिंह लवली, महामंत्री संजीव कुमार और महामंत्री कैप्टन हिटलर ठाकुर ने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर ने केंद्र में हिमाचल प्रदेश की आपदा का मुद्दा प्रभावशाली ढंग से उठाया। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की आपदा से निपटने के लिए 451.44 करोड़ रुपए की राहत राशि जारी की, जिससे राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी आएगी।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर के अथक प्रयासों से भोरंज विधानसभा क्षेत्र को भी करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगातें मिली हैं। उन्होंने बताया कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बजट स्वीकृत करवाया गया है। इसके अतिरिक्त झनिकर से वढ़आर बाया केहरवीं तक सड़क निर्माण हेतु भी केंद्रीय सहायता राशि मंजूर करवाई गई है।
भाजपा नेताओं ने बताया कि एनएच-03 का अवाहदेवी तक निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अनुराग ठाकुर ने संबंधित कंपनी को निर्देश दिए हैं कि कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि आमजन को सुविधा मिल सके।
सांसद निधि से समीरपुर मंडल के विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है:
ग्राम पंचायत अमन – श्मशान घाट में वर्षा शालिक निर्माण के लिए ₹1,50,000
ग्राम पंचायत हनोह – लिंक रोड निर्माण के लिए ₹1,50,000
ग्राम पंचायत दाढ़ी – महिला मंडल भवन निर्माण के लिए ₹2,00,000
ग्राम पंचायत बराड़ा – एम्बुलेंस रोड निर्माण के लिए ₹2,00,000
ग्राम पंचायत कंज्यान – सराय हेतु ₹1,00,000
मंडल अध्यक्ष, महामंत्री व अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि यह सभी विकास कार्य सांसद अनुराग ठाकुर की जनभावनाओं के प्रति प्रतिबद्धता और विकासोन्मुख सोच को दर्शाते हैं। इसके लिए समीरपुर मंडल के सभी पदाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने माननीय सांसद का हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है।