भूकंप का अलर्ट जारी होते ही सक्रिय हो गया पूरा आईआरएस तंत्र जिला हमीरपुर में भी कई स्थानों पर बचाव एवं राहत कार्यों को दिया अंजाम

एसडीएमए द्वारा आयोजित की गई 10वीं प्रदेशव्यापी मैगा मॉक एक्सरसाइज

भूकंप का अलर्ट जारी होते ही सक्रिय हो गया पूरा आईआरएस तंत्र जिला हमीरपुर में भी कई स्थानों पर बचाव एवं राहत कार्यों को दिया अंजाम
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के तकनीकी सहयोग से सोमवार को आयोजित की गई 10वीं प्रदेशव्यापी मैगा मॉक एक्सरसाइज के तहत जिला हमीरपुर में भी बचाव एवं राहत कार्यों को अंजाम दिया गया। मैगा मॉक एक्सरसाइज के लिए निर्धारित रूपरेखा सुबह करीब 9ः15 बजे डीडीएमए के जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में भूकंप की सूचना प्राप्त हुई। इसके तुरंत बाद जिला भर में अलर्ट जारी कर दिया गया और जिला स्तर पर विकसित घटना प्रतिक्रिया प्रणाली यानि इंसीडेंस रिस्पांस सिस्टम तुरंत सक्रिय हो गया। आईआरएस से संबंधित सभी नोडल अधिकारी कुछ मिनटों में ही डीईओसी में पहुंच गए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भूकंप से हुए नुक्सान के प्रति स्थानीय समुदायों की प्रतिक्रिया पर नजर रखी गई और बचाव एवं राहत कार्यों को सुनियोजित ढंग से अंजाम देने के लिए हमीरपुर उपमंडल में दोसड़का के पुलिस मैदान, सुजानपुर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के परिसर और नादौन में मिनी सचिवालय परिसर में स्टेजिंग एरिया स्थापित किए गए। स्टेजिंग एरिया में सभी संसाधनों को मोबलाइज किया गया और यहीं से बचाव दलों को रवाना किया गया। उपायुक्त एवं डीडीएमए की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने उपायुक्त कार्यालय परिसर के वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम में स्थापित कमांड पोस्ट से बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी की और अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। बचाव दलों ने मसियाणा चौक के पास भूस्खलन के मलबे में और बहुतकनीकी कालेज के भवन के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालकर डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल भेजे। इसी प्रकार, सुजानपुर उपमंडल के गांव टीहरा और नादौन के गांव कोहला में भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए गए तथा घायलों एवं प्रभावितों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया।