भाजपा के विकास के आगे कहीं खड़ी नहीं होती कांग्रेस: अनुराग ठाकुर

कांग्रेस पार्टी झूठ का पुलिंदा, सदा लगाया भाजपा के विकास कार्यों में अड़ंगा: अनुराग ठाकुर कांग्रेस ने देवभूमि पर कर्ज व उपचुनाव का बोझ डाला: अनुराग ठाकुर

भाजपा के विकास के आगे कहीं खड़ी नहीं होती कांग्रेस: अनुराग ठाकुर

पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज हमीरपुर विधानसभा उपचुनाव में स्वहाल, बजूरी, पांडवी, लंबलू व लाहढ़ी ( दो सड़का) में जनसभा व जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी प्रत्याशी आशीष शर्मा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इसके अतिरिक्त अतिरिक्त अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रेस वार्ता को संबोधित भी किया। 

अनुराग ठाकुर ने कहा “कांग्रेस देश की सबसे बड़ी झूठी पार्टी है। लोकसभा चुनावों के बाद कांग्रेस पार्टी ऐसे दिखा रही है जैसे विजय इनकी हुई हो मगर सच ये है कि ये हिमाचल में चारों सीटें तो हारे ही, देश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में नाकामयाब रहे। कांग्रेस चार जून से दिखाने में लगी है 99 का आंकड़ा 240 से बड़ा होता है। अब तो एक और कम होकर 98 रह गई है। 2014, 2019 और 2024 के चुनावों में कुल मिलाकर जितनी सीट कॉंग्रेस को मिली है उससे अधिक सीटें भारतीय जनता पार्टी 2024 के इस चुनाव में जीती है। इन चुनावों में कांग्रेस कुल 328 सीटों पर चुनाव लड़ी और 229 सीटों पर चुनाव हार गई, यानी की कांग्रेस अपनी लड़ी कुल 70% पर चुनाव हार गई। 2004 के चुनाव में कांग्रेस ने सिर्फ़ 145 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, जबकि 2009 में 206 सीटें जीतकर यूपीए-2 का गठन किया। 2024 के आम चुनावों में भाजपा ने अपने दम पर 240 सीटें जीतीं हैं। लोकसभा चुनावों में जितनी सीटें कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की मिला कर हैं, भाजपा की अकेली उस से ज़्यादा सीटें हैं। कांग्रेस के पिछले तीन लोकसभा चुनावों की सीटें मिला लें तो भी भाजपा की सीटों से कम हैं”

आगे बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा “ विधानसभा के यह तीनों उपचुनाव भी लोकसभा चुनाव के साथ हो जाने चाहिए थे परंतु कांग्रेस ने इसमें जानबूझकर विलंब किया। कांग्रेस के अंदर ये सारे उपचुनाव एक साथ कराने की हिम्मत नहीं ही नहीं थी। इन लोगों ने ये 3 उपचुनाव अलग करा कर प्रदेश पर कर्ज का बोझ डाला है। आगामी 10 जुलाई को जनता को तय करना है कि उन्हें भ्रष्टाचारी, डराने धमकाने वाली और गुंडागर्दी करने वाली कांग्रेस चाहिए या विकास और सुशासन देने वाली भाजपा चाहिए? कांग्रेस के शासन में छोटे दुकानदारों और रेहड़ी वालों का भी चालान काटा गया लेकिन फिर भी हिमाचल प्रदेश ने चारों लोकसभा सीटें मोदी जी को दीं। आज हिमाचल प्रदेश में चारों ओर भय का वातावरण है। बहन- बेटियों में असुरक्षा की भावना है। इस बार भी अगर कोई भी डराए- धमकाए तो आप बिल्कुल डरना नहीं हैऔर बिना किसी भय के कमल खिलाना है। कांग्रेस ने मात्र 1.5 साल में 25000 करोड़ का कर्ज लेकर प्रदेश पर कर्ज का बोझ 95000 करोड़ पहुँचा दिया। कांग्रेस ने प्रदेश को दिया तो कुछ नहीं लेकिन यहाँ चल रहे स्वास्थ्य संस्थान, शिक्षा केंद्र, सरकारी स्कूल में बच्चों को दी जाने वाली वर्दीयां हों या मज़दूरों को मिलने वाली सुविधाएँ हों सब बंद करने का काम किया”

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ भाजपा के विकास के आगे कांग्रेस कहीं खड़ी भी नहीं होती। भारतीय जनता पार्टी अपने विकास कार्यों के लिए जानी जाती है, जबकि कांग्रेस ने सदा ही हमारे विकासात्मक कार्यों पर अड़ंगा लगाने उसे रुकवाने का काम किया है। हमीरपुर में भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा ने पिछले 18 महीने में सेवा भाव में कोई कमी नहीं रखी और मेरा कार्यकर्ताओं से निवेदन है कि फिर एक बार हमीरपुर में कमल खिला कर भाई आशीष जी को पहले से ज़्यादा मतों से पुनः विधायक बनाएँ”

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि” मोदी ने  सदा हिमाचल को अपना दूसरा घर माना और हिमाचल के लिए कभी छोटा नहीं सोचा, हमेशा खुले मन से दिया इसीलिए इस छोटे पहाड़ी राज्य के लिए भी हम बड़ी विकास परियोजनाएं लाने में सफल हुए। विकास हमारे लिए एक निरंतर प्रक्रिया है। एक तरफ़ हमने हमीरपुर का बाइपास बनवाया, कोट तक सड़क बनवाई, बिलासपुर से हमीरपुर की सड़क ₹300 करोड़ की लागत से चौड़ी कराई थी। अब हम उसे फोरलेन करवा रहे हैं। हमीरपुर-नादौन- जालंधर का हाईवे दुगुना चौड़ा करवाया। नादौन से रानीताल की सड़क 90 करोड़ से बनाई, हमीरपुर-धर्मपुर-मंडी सड़क 1200 करोड़ से बना रहे हैं, हमीरपुर से शिमला की सड़क को दुगुना चौड़ा करवा व फ़ोरलेन करवा रहे हैं। इसी प्रकार हमने ₹90 करोड़ की लागत से घुमारवीं से लेकर सरकाघाट तक सड़क बनवाई। अब इसे और बेहतर करने की तैयारी है। इसी प्रकार अगर फोरलेन बन गया है तो अब हम रेलवे ला रहे हैं। आज मेडिकल कॉलेज एम्स, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, रेलवे लाइन और फोरलेन सड़कें आ चुकी हैं। इनसे पूरे इलाके का कायाकल्प हुआ है। कांग्रेस के पास बताने के लिए कुछ नहीं है तो हमारे लाये प्रोजेक्टों का क्रेडिट लेने में जुटी है”

अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से उन्हें लगातार पांचवी बार सांसद बनाने हेतु जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा, "मैं हमीरपुर लोकसभा में फिर कमल खिलाने, मुझे लगातार 5 वीं बार सांसद बनाने, देश में एनडीए की सरकार बनाने व मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए मेरे संसदीय क्षेत्र की देवतुल्य जनता का हार्दिक आभार प्रकट करता हूँ।