महिला मोर्चा ने आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की

महिला मोर्चा ने आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, जिला हमीरपुर की मासिक बैठक सोमवार को भाजपा कार्यालय वीर कमल, हमीरपुर में जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महिला मोर्चा की आगामी गतिविधियों और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत समर्पित कार्यकर्ताओं के विश्वास, अनुशासन और जनसेवा के प्रति निष्ठा में निहित है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर की महिला कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रभावी संवाहक भी हैं। बैठक में केंद्र और प्रदेश स्तर पर संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं के सुझावों और अनुभवों के आधार पर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। अर्चना चौहान ने कहा कि महिला मोर्चा का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए कार्य करेगा। समाज की जरूरतमंद महिलाओं और परिवारों तक सहायता पहुंचाने के साथ-साथ जब भी महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की बात आएगी, महिला मोर्चा पूरी मजबूती से अपनी आवाज उठाएगा। मासिक बैठक के उपरांत महिला मोर्चा के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से टिफिन बैठक का आयोजन किया और सभी ने साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विस्तारक अमित शर्मा, जिला महामंत्री अजय रिंटू शर्मा सहित प्रदेश एवं जिला महिला मोर्चा के पदाधिकारी, सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष तथा महामंत्री उपस्थित रहे।