हमीरपुर भाजपा मोर्चों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ किया जोरदार विरोध प्रदर्शन

पांच बीडीसी में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव न करवाना लोकतंत्र और संविधान की भावना के खिलाफ: राकेश ठाकुर

हमीरपुर भाजपा मोर्चों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ किया जोरदार विरोध प्रदर्शन
भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों ने आज जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी अमित शर्मा, जिला महामंत्री अजय रिंटू शर्मा एवं राजेश सहगल सहित विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हमीरपुर जिले के पांच विकास खंडों में पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव करवाने में जानबूझकर देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित रखना पूरी तरह असंवैधानिक और लोकतंत्र विरोधी है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किन कारणों से वह पंचायत संस्थाओं को उनके निर्वाचित नेतृत्व से वंचित रखना चाहती है। राकेश ठाकुर ने कहा कि जनता से किए वादों को पूरा करने के बजाय प्रदेश सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की जनविरोधी नीतियों और कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले भाजपा नेताओं राजिंदर सिंह राणा और सुधीर शर्मा के खिलाफ कानून का दुरुपयोग करते हुए अनुचित एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को अपने कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। पूर्व जिलाध्यक्ष एवं नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में विकास की गति प्रभावित हुई है और अनेक संस्थानों की संख्या में कटौती की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में ऐसा कोई बड़ा उपलब्धि-आधारित कार्य नहीं है जिसे वह जनता के सामने गर्व से रख सके। विजय अग्निहोत्री ने कहा कि जोल-सपड़ स्थित मेडिकल कॉलेज के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा लगभग दो वर्ष पहले तैयार होने के बावजूद आज तक इसे पूरी तरह शुरू नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जैसे जिले के लिए यह संस्थान स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन सरकार की उदासीनता के कारण इसका लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति छोड़कर विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने पंचायत समिति अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के चुनाव शीघ्र नहीं करवाए तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ इसी प्रकार का व्यवहार जारी रखा, तो भाजपा प्रदेश सरकार के खिलाफ अपना संघर्ष और तेज करेगी।