विधायक आशीष शर्मा ने बल्ह बूथ पर किया पौधारोपण भाजपा किसान मोर्चा के पौधरोपण अभियान का हुआ शुभारंभ

प्राकृतिक खेती अपनाएं किसान, पर्यावरण संरक्षण के लिए करें कार्य: आशीष

विधायक आशीष शर्मा ने बल्ह बूथ पर किया पौधारोपण भाजपा किसान मोर्चा के पौधरोपण अभियान का हुआ शुभारंभ
हमीरपुर। भाजपा किसान मोर्चा द्वारा जिला स्तरीय पौधरोपण अभियान का शुभारंभ रविवार को किया गया। इस अभियान की शुरुआत हमीरपुर शहरी मंडल के बल्ह बूथ से हुई, जिसमें सदर विधायक आशीष शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। ​जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा किसान मोर्चा शहरी मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह ने की। पौधरोपण करने के उपरांत उपस्थित किसानों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक आशीष शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि यह न केवल भूमि की उर्वरक शक्ति को बचाए रखती है बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनका भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया। विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की भी अपील की। ​इस अवसर पर जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष अनिल काकू ने बताया कि यह पौधरोपण अभियान केवल एक बूथ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे जिला के प्रत्येक बूथ पर आयोजित किया जाएगा ताकि पर्यावरण को हरा-भरा बनाया जा सके। इस कार्यक्रम में प्रभारी एवं प्रदेश किसान मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य अनिल कौशल ने कहा कि केंद्र सरकार किसान हित में अनेकों योजनाएं चला रही हैं। प्रदेश के किसानों को इन योजनाओं के लिए जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष श्रीपाल शर्मा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री संदीप, सुशील शुक्ला, मंडल महामंत्री तेन सिंह, बूथ अध्यक्ष विशकर्ण सिंह, सहित कई अन्य पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और भारी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।