सनातन विरोधी सोच को जनता ने नकारा : राकेश ठाकुर

सनातन विरोधी सोच को जनता ने नकारा : राकेश ठाकुर
भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अपनी पूरी जिला टीम के साथ पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की विजय पर पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह परिणाम देश की जनता की स्पष्ट सोच और राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रति बढ़ते समर्थन को दर्शाते हैं। राकेश ठाकुर ने कहा कि जनता ने उन राजनीतिक दलों और नेताओं को करारा जवाब दिया है जो लगातार हिंदू आस्था, सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं पर प्रहार करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में जनता ने एंटी-हिंदू और एंटी-सनातन सोच को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में भी जनता ने उन दलों को समर्थन नहीं दिया जिनके नेताओं ने सनातन धर्म की तुलना मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों से करने जैसी दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणियां की थीं। देश की जनता अब ऐसे बयान देने वालों को पहचान चुकी है और लोकतांत्रिक तरीके से उन्हें जवाब दे रही है। राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा आज केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक गौरव और विकास की भावना का प्रतीक बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए जो कार्य हुए हैं, उसी का परिणाम इन चुनावों में देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक अथक परिश्रम किया और जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाया। इसी मेहनत और संगठनात्मक शक्ति के कारण भाजपा को यह ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई है।