भाजपा की वरिष्ठ नेत्री उषा बिरला ने सेना दिवस के अवसर पर एक प्रेस नोट जारी करते हुए देश के सभी वीर सैनिकों एवं उनके परिवारजनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान के कारण ही आज हमारा देश सुरक्षित है और हर बार दुश्मनों को मुंह की खानी पड़ती है।
उषा बिरला ने कहा कि भारतीय सैनिक केवल सीमा पर ही नहीं, बल्कि देश के सम्मान, स्वाभिमान और एकता की रक्षा के लिए हर समय तत्पर रहते हैं। देशवासियों को अपने वीर जवानों पर गर्व है और पूरा राष्ट्र उनके त्याग को नमन करता है।
प्रेम कुमार धूमल व अनुराग ठाकुर का सेना के प्रति समर्पण प्रेरणादायी
वन रैंक वन पेंशन से लेकर टेरिटोरियल आर्मी तक भाजपा का योगदान उल्लेखनीय
उषा बिरला ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के जननायक, पूर्व दो बार मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता आदरणीय प्रेम कुमार धूमल का सैनिकों के प्रति सम्मान और समर्पण सदैव स्मरणीय रहा है। उन्होंने बताया कि सांसद के रूप में प्रेम कुमार धूमल ने सबसे पहले संसद में वन रैंक वन पेंशन का मुद्दा उठाया था, जिसे वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पूरा कर सैनिकों को उनका अधिकार दिलाया।
उन्होंने कहा कि 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान, भाजपा संगठन के लिए कार्य कर रहे नरेंद्र मोदी जी ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में जाकर सैनिकों का हौसला बढ़ाया। वहीं तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने स्वयं कारगिल पहुंचकर वीर जवानों का मनोबल बढ़ाया, जो उनके राष्ट्र और सेना के प्रति गहरे लगाव को दर्शाता है।
उषा बिरला ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरों की भूमि है, जहां लगभग हर घर से कोई न कोई सदस्य देश की सेवा में समर्पित है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने टेरिटोरियल आर्मी ज्वाइन कर राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। अनुराग ठाकुर टेरिटोरियल आर्मी में कैप्टन रैंक पर हैं और वर्ष में दो बार नियमित सेना के साथ दो-दो महीने की सेवा देते हैं, जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
अंत में उषा बिरला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव सैनिकों के सम्मान, कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी देश की रक्षा में लगे वीर जवानों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।