सुपोषण से स्वस्थ समाज का निर्माण : सेवा भारती

बाल संस्कार केंद्रों में बच्चों व अभिभावकों को पौष्टिक आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक

सुपोषण से स्वस्थ समाज का निर्माण : सेवा भारती
हमीरपुर। सेवा भारती की जिला इकाई हमीरपुर द्वारा सुपोषण अभियान के तहत नगर के हाउसिंग बोर्ड वार्ड नंबर-7, हाउसिंग बोर्ड, नया नगर एवं पटेल कला में संचालित बाल संस्कार केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं अभिभावकों को संतुलित आहार, पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष एवं जिला मंत्री वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त समाज की नींव अच्छे स्वास्थ्य और सुपोषण से ही रखी जाती है। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार के साथ स्वच्छता, नियमित योग-व्यायाम तथा सकारात्मक एवं आध्यात्मिक चिंतन भी आवश्यक है। सेवा भारती प्रांत के मुख्य सलाहकार विजय शर्मा ने संस्कार केंद्रों में सेवाएं दे रहीं अध्यापिकाओं सुनीता शर्मा, वर्षा एवं स्नेहलता के समर्पण और सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवा भारती समाज के वंचित, पीड़ित एवं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार और स्वावलंबन के क्षेत्र में निरंतर सेवा कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही पोषण, स्वच्छता और संस्कारों के प्रति जागरूक करना स्वस्थ एवं संस्कारित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में रुबल ठाकुर, राजकुमार, कैप्टन सुखदेव एवं देवराज शर्मा सहित सेवा भारती के अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।