बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कांग्रेस नेताओं द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के विरुद्ध की जा रही बयानबाजी को तथ्यहीन और जनता को गुमराह करने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर के विकास कार्यों का श्रेय लेने से पहले कांग्रेस को वर्ष 2014 में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की अधिसूचना के साथ स्वीकृत बजट की आधिकारिक प्रति सार्वजनिक करनी चाहिए। केवल राजनीतिक बयान देने से इतिहास नहीं बदलता, बल्कि सरकारी दस्तावेज ही सच्चाई का प्रमाण होते हैं।
लखनपाल ने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने कार्यकाल में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, सड़क एवं आधारभूत ढांचे सहित अनेक ऐतिहासिक परियोजनाएं स्वीकृत करवाईं। आज कांग्रेस उन्हीं परियोजनाओं का श्रेय लेने का असफल प्रयास कर रही है, जबकि अपने साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल की कोई बड़ी उपलब्धि जनता के सामने रखने में पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर पर अनर्गल आरोप लगाने से पहले कांग्रेस नेताओं को आत्ममंथन करना चाहिए। प्रदेश सरकार के पास अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वह केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं द्वारा शुरू करवाई गई योजनाओं को अपना बताकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
विधायक ने कहा कि हाल ही में पंचायत चुनावों में मिली करारी हार से मुख्यमंत्री और कांग्रेस के नेता पूरी तरह बौखला गए हैं। जनता ने कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को स्पष्ट रूप से नकार दिया है। इसी हताशा में अब कांग्रेस विकास के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा और अनुराग सिंह ठाकुर पर निराधार आरोप लगा रही है।
इंद्रदत्त लखनपाल ने कांग्रेस सरकार से सीधा सवाल करते हुए पूछा कि बड़सर में स्वीकृत 50 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य आज तक शुरू क्यों नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बताए कि इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना को आखिर किस कारण लंबित रखा गया है। यदि सरकार वास्तव में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर है तो निर्माण कार्य तत्काल शुरू कर उसकी समय-सीमा भी घोषित करे।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने बड़सर विधानसभा क्षेत्र के साथ लगातार भेदभाव किया है। अनेक बस रूट बंद कर दिए गए, जिससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, बुजुर्गों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार ने जनसुविधाएं बढ़ाने के बजाय आम लोगों की परेशानियां बढ़ाई हैं।
लखनपाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमकेयर सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद अथवा कमजोर कर दिया, जिससे गरीब और जरूरतमंद वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच कठिन होती जा रही है, जबकि सरकार केवल राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में सड़कों की बदहाल स्थिति कांग्रेस सरकार की कार्यशैली का प्रमाण है। आज अधिकांश स्थानों पर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और लोग प्रतिदिन दुर्घटनाओं का जोखिम उठाने को मजबूर हैं। सरकार केवल दावों और घोषणाओं तक सीमित होकर रह गई है।
विधायक ने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र में जो भी प्रमुख विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं, वे केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई गई आर्थिक सहायता और पूर्व में स्वीकृत परियोजनाओं का परिणाम हैं। राज्य सरकार स्वयं कोई नई बड़ी विकास परियोजना लाने के बजाय केवल केंद्र सरकार के कार्यों का श्रेय लेने में लगी हुई है।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें नैतिक साहस है तो वे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की वर्ष 2014 की बजट स्वीकृति, बड़सर के 50 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट की वर्तमान स्थिति तथा प्रदेश सरकार द्वारा बंद की गई योजनाओं एवं रुके हुए विकास कार्यों पर जनता के सामने स्पष्ट जवाब दें। जनता अब राजनीतिक प्रचार नहीं, बल्कि तथ्यों और विकास कार्यों के आधार पर निर्णय लेगी।
इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही की राजनीति में विश्वास रखती है। कांग्रेस सरकार को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपने साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। प्रदेश की जनता सब देख रही है और समय आने पर कांग्रेस सरकार को उसकी विफलताओं का लोकतांत्रिक जवाब अवश्य देगी।