कांग्रेस राज में देवभूमि हुई लहूलुहान, अपराध और भ्रष्टाचार के संरक्षण में डूबी प्रदेश सरकार: कमलेश कुमारी

कांग्रेस राज में देवभूमि हुई लहूलुहान, अपराध और भ्रष्टाचार के संरक्षण में डूबी प्रदेश सरकार: कमलेश कुमारी
भोरंज की पूर्व विधायक एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमारी ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में देवभूमि हिमाचल प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में प्रदेश में अपराध और माफिया राज को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे हिमाचल की छवि देशभर में धूमिल हो रही है। प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है और नदियों का दोहन किया जा रहा है। वन माफिया को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते सिरमौर, ऊना तथा मंडी के धर्मपुर सहित कई क्षेत्रों में हरे-भरे पेड़ों की कटाई हो रही है। उन्होंने कहा कि रोहड़ू, ऊना और मंडी के सरकाघाट में युवतियों की निर्मम हत्याओं तथा बिलासपुर में हुए गोलीकांड जैसी घटनाओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं से स्पष्ट है कि अपराधियों में पुलिस का भय समाप्त हो चुका है। कमलेश कुमारी ने कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और चिट्टे ने युवाओं को अपनी चपेट में ले लिया है। उन्होंने चिंता जताई कि कुछ पुलिस कर्मियों की संलिप्तता की खबरें सामने आना सरकार की कमजोर इच्छाशक्ति और प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला पेंशन के नाम पर प्रदेश की माताओं-बहनों से वादाखिलाफी की गई है। वहीं उपमुख्यमंत्री द्वारा बेरोजगारों को स्थायी रोजगार देने के दावे भी खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि कथनी और करनी में अंतर के कारण कांग्रेस अपनी राजनीतिक विश्वसनीयता खो चुकी है। पूर्व विधायक ने कहा कि जब नेतृत्व ही भ्रम और झूठ पर आधारित हो, तो उसका नकारात्मक प्रभाव समाज पर पड़ना स्वाभाविक है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को आर्थिक रूप से कमजोर किया है और साथ ही राज्य की सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों को भी आघात पहुंचाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल की जनता कांग्रेस सरकार के कुशासन और वादाखिलाफी का जवाब आने वाले समय में अवश्य देगी।