संयुक्त संसदीय समिति के अध्ययन दौरे में भुवनेश्वर पहुंचे अनुराग सिंह ठाकुर, महत्वपूर्ण संवैधानिक संशोधन विधेयकों पर की चर्चा

संयुक्त संसदीय समिति के अध्ययन दौरे में भुवनेश्वर पहुंचे अनुराग सिंह ठाकुर, महत्वपूर्ण संवैधानिक संशोधन विधेयकों पर की चर्चा
हमीरपुर से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज भुवनेश्वर में संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2025 तथा केंद्र शासित प्रदेश शासन (संशोधन) विधेयक 2025 पर गठित संयुक्त संसदीय समिति के अध्ययन दौरे में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ओडिशा राज्य सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधियों, ओडिशा मानवाधिकार आयोग, ओडिशा न्यायिक अकादमी, गोपबंधु प्रशासन अकादमी तथा नबाकृष्ण चौधरी विकास अध्ययन केंद्र के साथ विस्तृत विचार-विमर्श में सक्रिय भागीदारी निभाई। भुवनेश्वर में आयोजित बैठकों के दौरान अनुराग सिंह ठाकुर ने विशेष रूप से संविधान (130वां संशोधन) विधेयक 2025 पर चर्चा की, जिसमें यह प्रावधान प्रस्तावित है कि यदि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री किसी गंभीर आपराधिक मामले में, जिसमें पांच वर्ष या उससे अधिक की सजा का प्रावधान हो, लगातार 30 दिनों तक हिरासत में रहते हैं, तो उन्हें पद से हटाने का नियम लागू किया जाए। इसके अतिरिक्त जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2025 तथा केंद्र शासित प्रदेश शासन (संशोधन) विधेयक 2025 पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि ये विधेयक संवैधानिक मर्यादा को सुदृढ़ करने, मंत्रिपरिषद की जवाबदेही बढ़ाने और शासन व्यवस्था में जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। दिनभर चली चर्चाएं अत्यंत सार्थक रहीं, जिनमें विभिन्न संस्थानों एवं विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। अनुराग सिंह ठाकुर ने ओडिशा सरकार एवं आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों द्वारा प्रदान किए गए आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।