ग्राम सभा में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय, जटेहड़ी पंचायत ने स्वच्छता, नशामुक्ति और सुरक्षा की दिशा में बढ़ाया बड़ा कदम

ग्राम सभा में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय, जटेहड़ी पंचायत ने स्वच्छता, नशामुक्ति और सुरक्षा की दिशा में बढ़ाया बड़ा कदम
ग्राम पंचायत जटेहड़ी में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में पंचायत प्रधान रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में अनेक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इन निर्णयों का उद्देश्य पंचायत को स्वच्छ, सुरक्षित, नशामुक्त और आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करना है। ग्राम सभा में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड में कूड़ा-कचरा एकत्र करने हेतु निर्धारित स्थान चिन्हित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही पंचायत में नियमित सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रत्येक परिवार से ₹50 प्रतिमाह स्वच्छता कर लेने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में नशे के बढ़ते खतरे पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए ग्राम सभा ने नशे के विरुद्ध एक ऐतिहासिक निर्णय लिया। पंचायत ने घोषणा की कि यदि कोई व्यक्ति अवैध नशे के कारोबार या बिक्री की सही एवं विश्वसनीय सूचना देगा तो उसकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा पंचायत की ओर से ₹5,100 का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। पंचायत ने स्पष्ट संदेश दिया कि "नशामुक्त जटेहड़ी ही सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की आधारशिला है।" भारतीय संस्कृति और सामाजिक परंपराओं का सम्मान करते हुए ग्राम सभा ने किन्नर समाज के सम्मान के लिए भी राशि निर्धारित की। निर्णय के अनुसार विवाह समारोह में ₹3,100 तथा नवजात शिशु के जन्म के अवसर पर ₹2,100 सम्मान स्वरूप प्रदान किए जाएंगे। पंचायत क्षेत्र की सुरक्षा एवं पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए यह भी निर्णय लिया गया कि बिना पंचायत प्रमाण-पत्र के किसी भी बाहरी फेरीवाले को पंचायत क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक फेरीवाले का पूरा विवरण पंचायत में दर्ज किया जाएगा तथा ₹500 का पंजीकरण शुल्क लेकर अधिकृत रसीद जारी की जाएगी। ग्राम पंचायत प्रधान रविन्द्र कुमार ने कहा कि इन निर्णयों का उद्देश्य केवल नियम बनाना नहीं, बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से एक ऐसी पंचायत का निर्माण करना है जो स्वच्छ, सुरक्षित, अनुशासित और नशामुक्त हो। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से इन निर्णयों का पालन करने तथा पंचायत के विकास में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।