भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बधानी के दलालड़ गांव में आयोजित विशाल वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर एवं समाजसेवी नरेश कुमार दर्जी (दर्जी भाई) ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक समिति को अपनी ओर से ₹11,000 की आर्थिक सहयोग राशि भेंट की।
इस अवसर पर नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करते हैं, जो एक सशक्त समाज के निर्माण के लिए आवश्यक हैं।
उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि भोरंज के युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में उनका प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसे सामाजिक और खेल आयोजनों को भविष्य में भी उनका पूरा सहयोग मिलता रहेगा।
नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि यदि प्रत्येक पंचायत में नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो, तो युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर खेल, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने सभी युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों को अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि "हर गांव में खेल का मैदान और हर युवा के हाथ में खेल होगा, तभी नशामुक्त, स्वस्थ और विकसित भोरंज का सपना साकार होगा।"