प्रदेश को कर्ज तले दबा रही कांग्रेस, प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

प्रदेश को कर्ज तले दबा रही कांग्रेस, प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

हिमाचल प्रदेश में मात्र तीन महीने के अंदर हजारों करोड़ का कर्जा सरकार द्वारा ले लिया गया है। अब 12 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्जा और लेने की तैयारी है। हिमाचल को कर्जे में डूबना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता लग रही है। अपने खर्चे कम करने के बजाय सीपीएस की नियुक्ति करना सरकार की सोच पर प्रश्र चिन्ह लगाता है। जो मंत्री हैं, वे संतुष्ट नहीं हैं, और जो सीपीएस हैं, वे लीगल नहीं हैं। हमीरपुर प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। सोमवार को अपने समीरपुर स्थित आवास पर केंद्रीय मंत्री ने जनसमस्याओं की सुनवाई की। इसके पश्चात मीडिया से वार्तालाप करते हुए श्री ठाकुर ने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी राय दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कांग्रेसी सत्ता में आते ही मजे लूटते हैं। बड़े-बड़े पदों पर रहकर बड़ी-बड़ी गाडिय़ां बंगले और ऐशो आराम लेते हैं और जनता के लिए कुछ नहीं करते। उन्होंने कहा कि जनता अभी से ठगा हुआ महसूस कर रही है और हिमाचल पिछड़ रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू व राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि देश में बिलकुल सुक्खू और राहुल गांधी की लोकप्रियता बढ़ी है। इसी बढ़ी हुई लोकप्रियता के कारण गुजरात में भारतीय जनता पार्टी ने रिकॉर्ड 152 सीटें जीतीं।