टौणी देवी में विद्युत उपभोक्ताओं को दी स्मार्ट मीटर और सौर ऊर्जा संयंत्र की जानकारी

टौणी देवी में विद्युत उपभोक्ताओं को दी स्मार्ट मीटर और सौर ऊर्जा संयंत्र की जानकारी
स्मार्ट मीटर को लेकर आम उपभोक्ताओं में फैली भ्रांतियों को दूर करने, उनकी विभिन्न समस्याओं के निवारण, घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने और राज्य बिजली बोर्ड की अन्य योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए शनिवार को विद्युत उपमंडल कार्यालय टौणी देवी के परिसर में एक जागरुकता एवं जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विद्युत उपमंडल टौणी देवी के सहायक अधिशाषी अभियंता दीपक चौहान ने उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा और स्मार्ट मीटर के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं तथा उनकी कई शिकायतों का निवारण भी किया। सहायक अभियंता ने बताया कि बिजली बोर्ड के विशेष जागरुकता अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को पर्यावरण अनुकूल सौर ऊर्जा को अपनाने और आधुनिक स्मार्ट मीटर के फायदों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं को रूफ टॉप सोलर प्लांट योजना की जानकारी दी गई तथा बिजली बिलों में भारी कटौती करने के लिए घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के फायदों के बारे में विस्तार से बताया गया। सोलर पैनल लगाने पर सरकार द्वारा दी जाने वाली विभिन्न वित्तीय छूट और सब्सिडी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली से अवगत करवाते हुए सहायक अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता अपने दैनिक बिजली खर्च पर नजर रख सकते हैं। इससे गलत या अनुमानित बिलिंग की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाती है। स्मार्ट मीटर बजट के अनुसार बिजली उपयोग करने की सुविधा भी देता है। इस अवसर पर कनिष्ठ अभियंता अमित शर्मा ने उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति अवगत कराया तथा सभी उपभोक्ताओं को बिजली चोरी रोकने में विद्युत बोर्ड का सहयोग करने की अपील की। उपभोक्ताओं ने अपने घरों पर स्थापित रूफ टॉप सोलर प्लांट से संबंधित अनुभव भी साझा किए।