आईएचएम हमीरपुर में अंतर्राष्ट्रीय हाउसकीपिंग सप्ताह का आयोजन

पुष्प सज्जा प्रतियोगिता में प्रथम रहे मोहित और निम्मल कुमार

आईएचएम हमीरपुर में अंतर्राष्ट्रीय हाउसकीपिंग सप्ताह का आयोजन
इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) हमीरपुर में 14 से 18 सितंबर तक अंतर्राष्ट्रीय हाउसकीपिंग सप्ताह-2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं हाउसकीपिंग कर्मियों के लिए विभिन्न ज्ञानवर्धक, रचनात्मक एवं कौशल-आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं। सप्ताह का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन एवं उद्घाटन समारोह से हुआ। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए उपकरण पहचान एवं सफाई सामग्री दक्षता प्रतियोगिता, आतिथ्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, निरीक्षण प्रशिक्षण सत्र, तौलिया कला प्रतियोगिता, पुष्प सज्जा प्रतियोगिता तथा हाउसकीपिंग लिनेन दक्षता प्रतियोगिता आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं सफाई तकनीक, उपकरणों के उचित उपयोग, लिनेन प्रबंधन, निरीक्षण प्रक्रिया तथा हाउसकीपिंग में आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक पक्षों से परिचित कराया गया। आयोजन में विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। विद्यार्थी सहायक एवं समन्वयक के रूप में पांचवें सेमेस्टर के अमन शर्मा, अरुण कुमार और आर्यन संधू, तृतीय सेमेस्टर के समीर वर्मा, राकेश कुमार, रवि कुमार, उदित शर्मा, मोहित कुमार, निम्मल कुमार तथा मनोज राणा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुष्प सज्जा प्रतियोगिता में बीएससी एच एंड एचए के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने फूलों के आकर्षक संयोजन, रंगों के संतुलन, कलात्मकता एवं सुंदर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में तृतीय सेमेस्टर के मोहित और निम्मल कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। पांचवें सेमेस्टर के अमन शर्मा और आर्यन संधू ने दूसरा स्थान तथा तृतीय सेमेस्टर के उदित शर्मा और रवि कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक व्याख्याता राकेश पटियाल, शिक्षण सहायक नरेश कुमार और गुंजन उमाकांत का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावसायिक दक्षता, रचनात्मकता, टीम भावना एवं उद्योग-उन्मुख कौशल विकसित करना तथा उन्हें होटल उद्योग की व्यावहारिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना रहा। अंतर्राष्ट्रीय हाउसकीपिंग सप्ताह-2026 के माध्यम से विद्यार्थियों को हाउसकीपिंग विभाग की कार्यप्रणाली, इसके व्यावसायिक महत्व तथा आतिथ्य उद्योग में स्वच्छता, सौंदर्य एवं सेवा गुणवत्ता की भूमिका को समझने का अवसर मिला।