भारतीय जनता पार्टी हमीरपुर के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार द्वारा पंचायती राज चुनावों के लिए बार-बार रोस्टर में किए जा रहे बदलावों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है, बल्कि इससे आम जनता और संभावित उम्मीदवारों के बीच भ्रम और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि सरकार का यह रवैया दर्शाता है कि वह निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव करवाने के प्रति गंभीर नहीं है। बार-बार रोस्टर बदलकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि जिस प्रकार से प्रदेश सरकार पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों को लेकर अपना रुख बदलती रही है, उससे सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। चुनावों को समय पर करवाने के बजाय बार-बार प्रक्रियाओं में बदलाव करना इस बात का संकेत है कि सरकार निष्पक्ष चुनावों से बचना चाहती है।
राकेश ठाकुर ने मांग की कि प्रदेश सरकार तत्काल प्रभाव से रोस्टर में हो रहे अनावश्यक बदलावों को रोके और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से संचालित करे, ताकि लोकतंत्र की गरिमा बनी रहे और जनता का विश्वास कायम रह सके।