बगारटी नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट में दर्जी भाई की दमदार उपस्थिति, खिलाड़ियों में भरा जोश

बगारटी नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट में दर्जी भाई की दमदार उपस्थिति, खिलाड़ियों में भरा जोश
ग्राम बगारटी, पंचायत जंगल रोपा में चल रहे भव्य नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट में क्षेत्र के लोकप्रिय समाजसेवी एवं पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर नरेश कुमार दर्जी उर्फ दर्जी भाई ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया। उनके आगमन पर आयोजन समिति व ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर नरेश कुमार दर्जी ने विजेता टीम को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष, आत्मविश्वास और टीम भावना का सबसे बड़ा विद्यालय हैं। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर आयोजित ऐसे टूर्नामेंट युवाओं की प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर होते हैं तथा अपने गांव, पंचायत और जिले का नाम रोशन करते हैं। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा, प्रेम और एकता को मजबूत करते हैं। पंचायत जंगल रोपा की वॉलीबॉल टूर्नामेंट कमेटी ने नरेश कुमार दर्जी उर्फ दर्जी भाई का हृदय से धन्यवाद करते हुए कहा कि दर्जी भाई हमेशा खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं, उनका हौसला बढ़ाते हैं तथा समाज के हर सुख-दुःख में सबसे आगे खड़े रहते हैं। नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि खेल, शिक्षा, संस्कृति और समाज सेवा से जुड़े हर कार्य में उनका सहयोग पहले भी रहा है और आगे भी निरंतर जारी रहेगा।