बाबा साहब डॉ. अंबेडकर के विचारों को घर-घर पहुंचाना भाजपा का संकल्प”: लखनपाल

भारतीय जनता पार्टी बड़सर व डटवाल मंडल द्वारा संविधान निर्माता, समाज सुधारक व भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती पर एक श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन आयोजनों का उद्देश्य बाबा साहब के विचारों को समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना तथा सामाजिक समरसता एवं न्याय की भावना को मजबूत करना रहा।
मुख्य कार्यक्रम बड़सर मंडल की बणी पंचायत के कल्याणा गांव एवं डटवाल मंडल की कुलहेड़ा पंचायत के दुगाड़ गांव में सम्पन्न हुए। दोनों स्थलों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा और स्थानीय नागरिकों, युवाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं व पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में यह आयोजन जनआंदोलन का रूप ले गया।
बड़सर मंडल कार्यक्रम में विधायक इंद्रदत्त लखनपाल हुए मुख्य वक्ता
बणी पंचायत में आयोजित भव्य कार्यक्रम की अध्यक्षता बड़सर विधायक श्री इंद्रदत्त लखनपाल ने की। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर, जिला परिषद सदस्य संजीव कुमार, किसान मोर्चा अध्यक्ष जगन्नाथ बन्याल, प्रधान संजय कुमार, बूथ अध्यक्ष राजेन्द्र बन्याल, बणी-2 के बूथ अध्यक्ष राजेन्द्र, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष रामरत्न, पूर्व जिला परिषद सदस्य अमरजीत, मंडल महामंत्री अश्वनी बन्याल, ब्लॉक समिति उपाध्यक्ष मुकेश बन्याल, अश्वनी वर्धन तथा मंडल स्थायी आमंत्रित सदस्य अश्वनी शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि से हुई। उपस्थित वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन, शिक्षा, सामाजिक जागरण और संविधान निर्माण में उनके अद्वितीय योगदान को स्मरण किया।
विधायक इंद्रदत्त लखनपाल का ऐतिहासिक और विचारोत्तेजक संबोधन
अपने उद्बोधन में विधायक श्री इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा—
> “डॉ. अंबेडकर न केवल भारत के संविधान निर्माता थे, बल्कि वे सामाजिक क्रांति के अग्रदूत, समरसता के संदेशवाहक और समता के सजग प्रहरी थे। भाजपा उनके विचारों को केवल स्मरण नहीं करती, बल्कि उन्हें यथार्थ में क्रियान्वित करती है।”
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2015 में पहली बार 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया गया, भीम ऐप के माध्यम से डिजिटल समावेशन को बल दिया गया और 2016 से गणतंत्र दिवस परेड में डॉ. अंबेडकर एवं संत रविदास पर आधारित झांकियां सम्मिलित कर उन्हें राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
कांग्रेस पर तीखा प्रहार
विधायक लखनपाल ने कांग्रेस पार्टी के ऐतिहासिक रवैये पर कठोर शब्दों में आलोचना करते हुए कहा—
> “डॉ. अंबेडकर के जीवनकाल में कांग्रेस ने उन्हें हराने के लिए षड्यंत्र किए। 1952 और 1954 के चुनावों में स्वयं पंडित नेहरू ने उनके विरुद्ध प्रचार किया। उनके निधन के बाद 26 अलीपुर रोड स्थित उनके निवास को राष्ट्रीय स्मारक बनाने से कांग्रेस ने इंकार कर दिया और उनके अंतिम संस्कार का भी विरोध किया गया, जो अत्यंत निंदनीय था।”
डटवाल मंडल के दुगाड़ गांव में भी हुआ आयोजन
डटवाल मंडल अंतर्गत दुगाड़ गांव में आयोजित समानांतर कार्यक्रम में मंडल के वरिष्ठ नेताओं और पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। राजेश सहगल, नंदलाल शर्मा, महामंत्री रवि कांननुगो, अरुण डटवालिया, कुलहेड़ा पंचायत के उपप्रधान इंद्रजीत सिंह, आशीष ठाकुर, पंकज डटवालिया सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यहां भी बाबा साहब के आदर्शों और संविधान के महत्व पर विचार रखे गए।
संकल्प और सांस्कृतिक संगम
कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जातिवाद उन्मूलन, सामाजिक समरसता की स्थापना और संविधान की रक्षा हेतु संकल्प लिया। स्थानीय युवाओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति और सामाजिक समरसता पर आधारित गीतों एवं झांकियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
विधायक लखनपाल ने कहा
“बाबा साहब का जीवन इस बात का प्रमाण है कि यदि व्यक्ति में शिक्षा, आत्मबल और सामाजिक चेतना हो, तो वह राष्ट्र निर्माता बन सकता है। हमें उनके विचारों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।”
कार्यक्रम का समापन ‘जय भीम’, ‘बाबा साहब अमर रहें’ के नारों और सामूहिक जयघोष के साथ हुआ।