भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ की जिला स्तरीय बैठक आयोजित

भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ की जिला स्तरीय बैठक आयोजित
भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर सहकारिता प्रकोष्ठ की बैठक जिला कार्यालय हमीरपुर में सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रामकृष्ण की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, जिला महामंत्री अजय रिंटू, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक राजकुमार, कपिल मोहन शामा सहित जिला सहकारिता प्रकोष्ठ की संपूर्ण कार्यकारिणी ने भाग लिया। बैठक में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश सहसंयोजक राजकुमार ने कहा कि जिला सहकारिता प्रकोष्ठ द्वारा शीघ्र ही जिला स्तरीय सहकारिता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूरे जिले से 500 से अधिक सहकारिता क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों एवं लोगों के भाग लेने की संभावना है। भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने सहकारिता क्षेत्र के विकास और सुदृढ़ीकरण के लिए अलग से सहकारिता मंत्रालय का गठन किया है। इसके माध्यम से देशभर में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने, सहकारी समितियों को सशक्त बनाने तथा सहकारिता से जुड़े लोगों के लिए नए अवसर उपलब्ध करवाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए साधन उपलब्ध हो रहे हैं। राकेश ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व दो बार मुख्यमंत्री रहे प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने भी प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके कार्यकाल में सहकारिता क्षेत्र के सेवा नियमों में किए गए सुधारों से प्रदेश में सहकारिता व्यवस्था को नई दिशा मिली और इस क्षेत्र के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ। बैठक में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा सहकारिता क्षेत्र के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए।