मतदान प्रक्रिया को गहनता से समझें सभी अधिकारी : संजीत सिंह

पीठासीन और मतदान अधिकारियों के लिए बड़ू में आयोजित किया गया प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास सत्र

मतदान प्रक्रिया को गहनता से समझें सभी अधिकारी : संजीत सिंह
पंचायतीराज संस्थाओं की मतदान प्रक्रिया को पूर्ण करवाने के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों पर तैनात होने वाले उपमंडल हमीरपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सोमवार को यहां बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू के सभागार में प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास के विभिन्न सत्रों के दौरान एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह और अन्य मास्टर ट्रेनर अधिकारियों ने पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। इस अवसर पर एसडीएम संजीत सिंह ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्वक एवं विवादरहित संपन्न करवाने के लिए पीठासीन और मतदान अधिकारियों को सभी नियमों एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने पीठासीन और मतदान अधिकारियों से कहा कि वे मतदान प्रक्रिया और राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों को गहनता के साथ समझें। किसी भी नियम या प्रक्रिया को लेकर उन्हें कोई शंका है तो तुरंत मास्टर ट्रेनरों या अन्य उच्च अधिकारियों से संपर्क करें। इस प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास में तहसीलदार नरेश पटियाल, नायब तहसीलदार जगदीश ठाकुर, हमीरपुर उपमंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों ने भाग लिया।