राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौरी की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन: जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जीते 3 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौरी की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन: जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जीते 3 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौरी की अंडर-19 छात्राओं ने जिला स्तरीय योगासन एवं रेसलिंग (कुश्ती) प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरोह में आयोजित इस प्रतियोगिता में चौरी स्कूल की छात्राओं ने कुल तीन गोल्ड, दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। ​योगासन प्रतियोगिता में चौरी स्कूल की चार छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए पलक और वंशिका ने गोल्ड मेडल, जबकि हिना और शिखा ने सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं, रेसलिंग (कुश्ती) प्रतियोगिता में अमृता ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए गोल्ड मेडल जीता, जबकि पायल ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। ​प्रतियोगिता के बाद स्कूल परिसर पहुँचने पर विजेता खिलाड़ियों और टीम के कोच (डीपीई) संजीव कुमार का भव्य स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य श्रीमती सरिता दुबे, समस्त स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने फूल-मालाओं और तालियों के साथ खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। प्रधानाचार्य सरिता दुबे ने सभी विजेताओं और उनके कोच को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने भविष्य में भी खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।