एससी आयोग में ईमेल और फोन से भी कर सकते हैं शिकायत : कुलदीप कुमार
एससी आयोग में ईमेल और फोन से भी कर सकते हैं शिकायत : कुलदीप कुमार
वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने के लिए जमीनी स्तर पर पहुंच रहा है आयोग
हमीरपुर प्रवास के दूसरे दिन विभिन्न संगठनों और पंचायत जनप्रतिनिधियों से की चर्चा
राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने कहा है कि अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए और इन लोगों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति की जानकारी एवं फीडबैक प्राप्त करने के लिए आयोग जमीनी स्तर पर पहुंचने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए आयोग प्रदेश के आठ जिलों का दौरा कर चुका है, जिसमें चंबा जिले का पांगी क्षेत्र और सिरमौर जिले के दूरदराज क्षेत्र भी शामिल हैं। जिला हमीरपुर में आयोग के प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को यहां हमीर भवन में एससी वर्ग से संबंधित विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों, पंचायत जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी एवं आशा वर्कर्स और अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक एवं जागरुकता शिविर के दौरान कुलदीप कुमार ने यह जानकारी दी। इस अवसर पर आयोग के सदस्य विजय डोगरा, दिग्विजय मल्होत्रा और शालिनी जमवाल भी उपस्थित रहीं।
कुलदीप कुमार ने कहा कि एससी वर्ग के लोगों के कल्याण एवं उत्थान सुनिश्चित करने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं और विभिन्न अधिनियम एवं नियम बनाए हैं। लेकिन, जागरुकता के अभाव में कई पात्र लोग कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते हैं और न ही अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हैं। इसलिए, आयोग जमीनी स्तर पर जाकर कार्य कर रहा है। हमीरपुर में भी आयोग प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक से पहले एससी वर्ग से संबंधित संस्थाओं, संगठनों, पंचायत जनप्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श कर रहा है और फील्ड मंे जाकर भी वास्तविक स्थिति का जायजा ले रहा है।
अध्यक्ष ने बताया कि आम लोगों को जागरुक करने के लिए आयोग ने पंफलेट भी प्रकाशित किए हैं। किसी भी तरह की शिकायत के लिए दूरभाष नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की है। आने वाले समय में आयोग एक ऐप तैयार करवाएगा, जिसके माध्यम से एससी वर्ग की शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित होगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. रमेश डोगरा, एससी वर्ग से संबंधित विभिन्न संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी एवं आशा वर्करों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दे आयोग के समक्ष रखे।
इससे पहले, आयोग के अध्यक्ष एवं अन्य सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि तीन दिवसीय प्रवास के बाद आयोग की ओर से जो दिशा-निर्देश जारी होंगे, जिला में उनकी अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एसडीएम संजीत सिंह, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।