डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों से प्रेरित होकर विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं कार्यकर्ता : अनुराग ठाकुर

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों से प्रेरित होकर विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं कार्यकर्ता : अनुराग ठाकुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज बड़सर विधानसभा क्षेत्र का दौरा करते हुए विभिन्न संगठनात्मक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने प्रबुद्ध जन संपर्क कार्यक्रमों, पौधारोपण अभियान तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर क्षेत्रवासियों से संवाद स्थापित किया। अपने दौरे के दौरान अनुराग ठाकुर ने मोरसू, भोटा पटेरा, दुगाड़, सोहारी, मंगनोटी तथा गारली में आयोजित प्रबुद्ध जन संपर्क कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, पूर्व सैनिकों, व्यापारियों तथा गणमान्य नागरिकों से मुलाकात कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासात्मक पहलों तथा राष्ट्रहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है तथा सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके उपरांत कुर्याह में आयोजित "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का भी आग्रह किया। इसके पश्चात कुर्याह स्थित बाबा बालक रूपी मंदिर परिसर में भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं महान राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए अनुराग ठाकुर ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। अपने संबोधन में अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में लागू दो निशान, दो विधान और दो प्रधान की व्यवस्था का पुरजोर विरोध किया तथा देश की एकता के लिए अपना बलिदान दिया। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जिससे प्रत्येक देशवासी को प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार और आदर्श आज भी देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र सेवा के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, जिला महामंत्री अजय रिन्टू व राजेश सहगल, मंडल महामंत्री अश्वनी बन्याल व दिनेश व्यास, जिला परिषद सदस्य गुरदीप सिंह, विकास पटियाल एवं रेणु दत्याल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश मांगा, संजीव शर्मा एवं कमल नयन, सरला शर्मा, ढटवाल मंडल अध्यक्ष यशबीर पटियाल, महामंत्री सोम दत्त, आशीष ठाकुर, अरविंद कुमार, मिंटू राजपूत, अनुपम शर्मा, यशपाल ठाकुर, पंकज ढटवालिया सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।