झनिक्कर गांव में अग्निकांड से पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे नरेश कुमार दर्जी, दी आर्थिक सहायता

झनिक्कर गांव में अग्निकांड से पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे नरेश कुमार दर्जी, दी आर्थिक सहायता
भोरंज विधानसभा क्षेत्र के झनिक्कर गांव में हाल ही में हुई एक दुखद अग्निकांड की घटना में स्थानीय निवासी राजकुमार की पशुशाला में आग लगने से भारी नुकसान हो गया, जिसमें एक गाय के जलकर मर जाने की भी सूचना है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के समाजसेवी एवं पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर नरेश कुमार दर्जी उर्फ दर्जी भाई पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उनसे मिलकर उनकी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। नरेश कुमार दर्जी ने पीड़ित परिवार को अपनी ओर से ₹10,000/- (दस हजार रुपये) की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि यह केवल आर्थिक क्षति नहीं, बल्कि परिवार के लिए भावनात्मक रूप से भी एक बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि सच्ची सेवा वही है, जब हम किसी के दुःख में उसके साथ खड़े हों। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि ऐसे समय में सभी को एकजुट होकर जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए, यही समाज की असली पहचान है। नरेश कुमार दर्जी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि पीड़ित परिवार को इस कठिन समय को सहन करने की शक्ति प्रदान करें और उन्हें जल्द ही इस संकट से उबरने का संबल दें।