पहले कांगड़ा बैंक की अनियमितताओं का हिसाब दें कुलदीप पठानिया, फिर अनुराग ठाकुर पर बोलें: भाजपा

पहले कांगड़ा बैंक की अनियमितताओं का हिसाब दें कुलदीप पठानिया, फिर अनुराग ठाकुर पर बोलें: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के अध्यक्ष राकेश ठाकुर तथा जिला महामंत्री अजय रिंटू ने कांग्रेस नेता कुलदीप सिंह पठानिया द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के पांच बार निर्वाचित सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के विरुद्ध दिए गए बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण, भ्रामक, तथ्यहीन और राजनीतिक हताशा का परिचायक बताया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि जिस व्यक्ति के कार्यकाल में कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगे हों, नाबार्ड की निरीक्षण रिपोर्टों में गंभीर वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की ओर संकेत किया गया हो तथा जिन परिस्थितियों में बैंक के निदेशक मंडल को निलंबित किया गया हो, उसे पहले स्वयं जनता के सामने जवाब देना चाहिए, न कि प्रदेश के सबसे लोकप्रिय जननेताओं में से एक अनुराग सिंह ठाकुर पर अनर्गल आरोप लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध निरीक्षण रिपोर्टों के अनुसार कुलदीप सिंह पठानिया के कार्यकाल के दौरान बैंक में लगभग ₹767.45 करोड़ की परिसंपत्ति क्षति (Asset Erosion) दर्ज की गई। बैंक का Gross NPA 23.45 प्रतिशत तथा Net NPA 8.81 प्रतिशत तक पहुंच गया, जो किसी भी वित्तीय संस्था के लिए अत्यंत गंभीर स्थिति मानी जाती है। इतना ही नहीं, 1,090 ऋण खाते अधिसूचित कार्यक्षेत्र से बाहर स्वीकृत किए जाने जैसे गंभीर मामले भी सामने आए, जिन पर आज तक प्रदेश की जनता स्पष्ट और संतोषजनक उत्तर की प्रतीक्षा कर रही है। राकेश ठाकुर एवं अजय रिंटू ने कहा कि कुलदीप सिंह पठानिया को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनके कार्यकाल में बैंक की वित्तीय स्थिति इतनी खराब क्यों हुई, नाबार्ड द्वारा इंगित की गई गंभीर कमियों के लिए आखिर जिम्मेदार कौन था तथा इन अनियमितताओं के कारण बैंक और उसके लाखों खाताधारकों के हितों को किस प्रकार प्रभावित किया गया। जनता यह जानना चाहती है कि इन गंभीर वित्तीय प्रश्नों का जवाब कौन देगा। उन्होंने कहा कि देहरा विधानसभा उपचुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता लागू रहने के बीच महिला मंडलों को ₹50,000 की राशि वितरित किए जाने को लेकर भी सार्वजनिक रूप से गंभीर प्रश्न उठे थे। कुलदीप सिंह पठानिया को प्रदेश की जनता को बताना चाहिए कि यह राशि किस प्रावधान, किस अधिकार और किस क्षमता में वितरित की गई। यदि सब कुछ नियमों के अनुरूप था तो सरकार और संबंधित अधिकारियों को इस विषय पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस नेताओं एवं प्रभावशाली व्यक्तियों से जुड़े ऋण मामलों को लेकर भी समय-समय पर सार्वजनिक जीवन में अनेक प्रश्न उठते रहे हैं। कुलदीप सिंह पठानिया को इन सभी मामलों पर तथ्यों सहित अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए, ताकि प्रदेश की जनता के मन में किसी प्रकार का संशय न रहे। उन्होंने कहा कि कुलदीप सिंह पठानिया का राजनीतिक जीवन अवसरवाद का प्रतीक रहा है। एक समय वे स्वयं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सबसे मुखर आलोचकों में शामिल थे और वीरभद्र सिंह के खेमे के प्रमुख चेलों में गिने जाते थे। सत्ता का समीकरण बदलते ही उन्होंने अपना राजनीतिक रुख बदल लिया। आज वही व्यक्ति मुख्यमंत्री को प्रसन्न करने के लिए तथ्यहीन बयानबाजी कर रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि जिला हमीरपुर में कांग्रेस के संगठनात्मक कमजोर प्रदर्शन और पंचायती राज चुनावों में मिली निराशा ने कुलदीप सिंह पठानिया के राजनीतिक नेतृत्व पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। अपनी राजनीतिक विफलताओं से ध्यान भटकाने और मुख्यमंत्री की कृपा प्राप्त करने के लिए वे अनुराग सिंह ठाकुर जैसे जनप्रिय एवं जनाधार वाले नेता का नाम लेकर सस्ती राजनीतिक सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन हमीरपुर और प्रदेश की जागरूक जनता सब कुछ देख रही है और सच्चाई से भली-भांति परिचित है। राकेश ठाकुर एवं अजय रिंटू ने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर पांच बार जनता के प्रचंड जनादेश से संसद पहुंचे हैं, केंद्रीय मंत्री के रूप में देश की सेवा कर चुके हैं और उनके विकास कार्य स्वयं उनकी सबसे बड़ी पहचान हैं। दूसरी ओर, कुलदीप सिंह पठानिया को पहले अपने कार्यकाल से जुड़े गंभीर सार्वजनिक प्रश्नों का उत्तर देना चाहिए और उसके बाद दूसरों पर टिप्पणी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन अपनी राजनीतिक असफलताओं को छिपाने के लिए निराधार बयानबाजी करना जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास है। प्रदेश की जनता तथ्यों, पारदर्शिता और जनसेवा के आधार पर ही भविष्य में निर्णय करेगी।