उपमंडल के गांव भरेड़ी में 22 जुलाई को ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र की 9 ग्राम पंचायतों की जनसमस्याओं का निपटारा किया जाएगा। स्थानीय विधायक सुरेश कुमार की अध्यक्षता में सुबह 10 बजे आरंभ होने वाले इस कार्यक्रम के लिए उपमंडल प्रशासन ने तैयारियां आरंभ कर दी हैं।
एसडीएम शशिपाल शर्मा ने शुक्रवार को यहां मिनी सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम प्रदेश सरकार का एक बहुत ही महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसमें आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निपटारा किया जाता है। इसलिए, सभी विभाग भरेड़ी में आयोजित होने वाले सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के लिए आवश्यक प्रबंध करें।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आम लोगों की ओर से उठाई जाने वाली समस्याओं का निवारण तुरंत होना चाहिए। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के आवेदकों एवं पात्र लाभार्थियों को भी मौके पर ही लाभान्वित किया जाना चाहिए। अगर किसी योजना से संबंधित कोई औपचारिकता पूर्ण की जानी है तो उसे भी मौके पर ही पूर्ण किया जा सकता है। विभिन्न योजनाओं से संबंधित सर्टिफिकेट या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मौके पर ही बनाए जा सकते हैं। एसडीएम ने कहा कि इस दौरान विभिन्न योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संबंधित विभाग प्रदर्शनियां भी लगाएं, ताकि आम लोगों को इन योजनाओं का पता चल सके और वे इनका लाभ उठा सकें।
बैठक में तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, बीडीओ कुलवंत सिंह, सीडीपीओ सुनील कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी बलदेव चंदेल और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।