मुख्यमंत्री पर झूठे वादों का आरोप, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने साधा निशाना

मुख्यमंत्री पर झूठे वादों का आरोप, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने साधा निशाना
भारतीय जनता पार्टी के हमीरपुर जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 28 लाख महिलाएं हर महीने 1500 रुपये की प्रतीक्षा कर रही हैं, जबकि करीब 15 लाख युवा रोजगार की तलाश में हैं। इसके बावजूद मुख्यमंत्री बिहार चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और वहां की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। राकेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री बिहार में यह दावा कर रहे हैं कि हिमाचल की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जा रहे हैं और युवाओं को रोजगार मिल रहा है, जबकि वास्तविकता इसके बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी बिहार के हजारों लोग काम करते हैं और वे अच्छी तरह जानते हैं कि यहां की जनता किस स्थिति में जी रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि तीन वर्ष पूर्व हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बड़े-बड़े वादे कर सत्ता हासिल की थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री और उनके मंत्री जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में चूर कांग्रेस नेताओं ने आम लोगों की सुध लेना भी बंद कर दिया है। उल्टा कांग्रेस के नेताओं ने हिमाचल प्रदेश में जंगल राज की स्थिति पैदा कर दी है। हिमाचल में आए दिन गोलीकांड हो रहे हैं महिलाओं के प्रति अपराध लगातार बढ़ रहा है चोरी डकैती और लूट की वारदातें पुलिस के लिए अनसुलझी पहेली बन चुकी है। हालत यह कि कांग्रेस नेताओं के इशारों पर नाचने वाला पुलिस प्रशासन भी केवल वाहनों के चालान करके आम लोगों को प्रताड़ित करने का ही काम कर रहा है। अवैध खनन की हालत यह है कि भारी मशीनरी के साथ बड़े-बड़े वाहनों में हिमाचल की संपदा को लूट कर बाहर बेचा जा रहा है लेकिन पुलिस घरों के निर्माण के लिए रेट और बजरी ले जाने वाले लोगों के वाहनों को जब्त करके अवैध खनन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई का ढोंग रच रही है।