देश भर में हिमाचल पुलिस अव्वल, क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क में हासिल किया पहला रैंक

देश भर में हिमाचल पुलिस अव्वल, क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क में हासिल किया पहला रैंक

हिमाचल प्रदेश पुलिस को पहले से ही लगातार तीन वर्षों यानी 2020, 2021 और 2022 के लिए पहाड़ी और उत्तर-पूर्वी राज्यों में प्रथम स्थान दिया गया है और गृह मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा सम्मानित किया गया है। भारत सरकार के सभी राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों के सीसीटीएनएस परियोजना कार्यान्वयन प्रदर्शन की निगरानी के लिए भारत सरकार, गृह मंत्रालय, एनसीआरबी, नई दिल्ली ने राज्यवार सीसीटीएनएस प्रदर्शन रैंकिंग तय करने के लिए सभी राज्यों/संघ शासित प्रदेशों के लिए प्रगति में पूर्व निर्धारित मानदंड निर्धारित किए हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य ने उन सभी मापदंडों को पूरा किया है और सीसीटीएनएस परियोजना के सफल कार्यान्वयन के लिए उन्हें बनाए रखा है।

डीजीपी संजय कुंडू ने बताया कि अब हम जनवरी 2023 के महीने के लिए जारी नवीनतम सीसीटीएनएस प्रगति रैंकिंग में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम रैंक प्राप्त करके और आगे बढ़ गए हैं। सीसीटीएनएस परियोजना कार्यान्वयन में शामिल वरिष्ठ अधिकारियों के सक्षम मार्गदर्शन के तहत एससीआरबी में सभी फील्ड स्तर के पुलिस अधिकारियों और राज्य स्तरीय सीसीटीएनएस टीम के समर्पित और संयुक्त प्रयासों से हासिल किया गया है। सीसीटीएनएस रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश 99.77 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला, उत्तर प्रदेश ने 99.01 अंक हासिल कर दूसरा, गुजरात ने 97.08 अंक हासिल कर तीसरा, दिल्ली ने 96.72 अंक हासिल कर चौथा और हरियाणा ने 96.40 प्रतिशत अंक हासिल कर पांचवां स्थान हासिल किया है। डीजीपी संजय कुंडू ने हिमाचल पुलिस को प्रथम रैंक से सम्मानित करने पर सभी पुलिस अधिकारियों को बधाई दी है।