अनुराग ठाकुर एवं पी.ए.सी. सदस्यों ने सी.ऐेस.एम.टी. और मध्य रेलवे मुख्यालय का किया निरीक्षण, लालबागचा राजा के किए दर्शन

मुम्बई में रेलवे के आधुनिकीकरण, परिचालन दक्षता एवं यात्री सुविधाओं की समीक्षा के लिए सार्वजनिक लेखा समिति का अध्ययन दौरा

अनुराग ठाकुर एवं पी.ए.सी. सदस्यों ने सी.ऐेस.एम.टी. और मध्य रेलवे मुख्यालय का किया निरीक्षण, लालबागचा राजा के किए दर्शन
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने संसद की सार्वजनिक लेखा समिति (पी.ए.सी.) के सदस्यों के साथ अपने आधिकारिक अध्ययन दौरे के दौरान मध्य रेलवे मुख्यालय एवं ऐतिहासिक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सी.ऐेस.एम.टी), जिसे विक्टोरिया टर्मिनस के नाम से भी जाना जाता है, का दौरा किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर मध्य रेलवे क्षेत्र में चल रहे बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों, परिचालन दक्षता और रेलवे के आधुनिकीकरण से जुड़ी पहलों की समीक्षा की। सी.ऐेस.एम.टी के निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं, अत्यधिक यात्री दबाव के प्रभावी प्रबंधन तथा इस यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल की ऐतिहासिक एवं स्थापत्य विरासत के संरक्षण से जुड़े पहलुओं का भी जायजा लिया गया। आधिकारिक निरीक्षण एवं प्रशासनिक समीक्षा के उपरांत समिति के सदस्यों ने मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा पंडाल में पहुंचकर दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर ने समिति के व्यस्त आधिकारिक कार्यक्रम के समापन को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। यह अध्ययन दौरा संसदीय दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ रेलवे की कार्यप्रणाली, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के प्रत्यक्ष अवलोकन का अवसर रहा।