मोदी सरकार का नौ वर्ष का कार्यकाल गरीब शोषित एवं वंचितों के कल्याण हेतु समर्पित: धूमल

भाजपा जिला कार्यसमिति बैठक में धूमल, बिंदल व प्रदेश पदाधिकारियों ने हमीरपुर ज़िला के महा जनसम्पर्क अभियान की रूपरेखा तय करने के साथ साथ बूथ सशक्तिकरण अभियान एवं डाटा प्रबंधन विस्तारक योजना की समीक्षा की

मोदी सरकार का नौ वर्ष का कार्यकाल गरीब शोषित एवं वंचितों के कल्याण हेतु समर्पित: धूमल

सोमवार को हमीरपुर जिला भाजपा की अति महत्वपूर्ण कार्यसमिति बैठक हमीरपुर के बसंत रिजॉर्ट में हुई जिसमें वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। आने वाली 30 मई 2023 को  मोदी सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश भर में महा जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। हमीरपुर जिला में इस अभियान का स्वरूप कैसा होगा इस अभियान को चलाने की रणनीति क्या है और इस अभियान के दृष्टिगत पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी जो दायित्व निभाएंगे उसकी योजना क्या है यह सारी रूपरेखा इस बैठक में तय कर दी गई है। महा जनसंपर्क अभियान के लक्ष्य को अक्षरशः प्राप्त करने में भाजपा अपने प्रत्येक कार्यकर्ता, वरिष्ठ कार्यकर्ता, नेता आदि सभी की सहभागिता सुनिश्चित करेगी ऐसा निर्णय बैठक में लिया गया है ताकि नाम के अनुरूप ही इस अभियान का प्रभाव सघन व व्यापक स्तर पर हो। इस अभियान के तहत जिला में विधानसभा एवं बूथ स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 1 महीने तक चलाए जाने वाले इस अभियान में डेढ़ दर्जन से अधिक कार्यक्रम पार्टी हाईकमान द्वारा तय करके जिला भाजपा को दिए गए हैं जिनकी तिथियां भी जिला भाजपा ने निर्धारित करके उन कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। 

        बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने विस्तारपूर्वक महा जनसंपर्क अभियान के ऊपर जिला कार्यसमिति में उपस्थित सैंकड़ों वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ चर्चा व विचार विमर्श किया।  इसके साथ साथ ही प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों ने बूथ सशक्तिकरण अभियान एवं डाटा प्रबंधन विस्तारक योजना के ऊपर जिला भाजपा द्वारा की गई अब तक की गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। 

     इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने उपस्थित पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह हम सब के लिए हर्ष का विषय है कि 30 मई 2023 को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार अपने 9 वर्ष पूर्ण करने जा रही है इस मौके पर पार्टी ने 30 मई से 30 जून तक प्रदेश के सभी जिलों मंडल ग्राम केंद्र एवं बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजन करने के साथ-साथ महा जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीब शोषित वंचितों के कल्याण हेतु समर्पित है जहां देश का गौरव विश्व पटल पर लगातार बढ़ रहा है वहीं सांस्कृतिक विरासत को प्राथमिकता के आधार पर प्रतिस्थापित होते हुए हम सब देख रहे हैं आधारभूत संरचना को मजबूत करते हुए नए भारत के सपने को मोदी सरकार साकार कर रही है। 

    बैठक में पूर्व विधायक विधानसभा चुनावों के प्रत्याशी प्रदेश भाजपा में हमीरपुर जिला के पदाधिकारी व जिला भाजपा की सम्पूर्ण  टीम के साथ साथ पांचों मंडलों की टीम वरिष्ठ एवं जेष्ठ कार्यकर्ता पार्टी के सभी मोर्चे प्रकोष्ठों  के जिला एवं मंडलों के अध्यक्ष संयोजक उनकी टीम सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पुराने एवं दिग्गज कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।