भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों की महिला विरोधी मानसिकता अब देश की जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके तथाकथित सहयोगियों को अब जनता और भाजपा के प्रखर आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
राकेश ठाकुर ने बताया कि भाजपा द्वारा जिला स्तर पर जन आक्रोश महिला पद यात्राओं का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के महिला विरोधी चरित्र को जन-जन के सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्थानों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मीडिया के समक्ष कांग्रेस और उसके सहयोगियों को बेनकाब किया जाएगा, जिसके लिए जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल द्वारा विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध महिलाओं के विचारों को एकत्रित कर भाजपा की सोशल मीडिया विंग की टीमें विभिन्न पोर्टलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रसारित करेंगी, ताकि समाज के हर वर्ग तक सच्चाई पहुंचाई जा सके।
राकेश ठाकुर ने कहा कि मंडल अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में पदाधिकारियों के साथ जनता के बीच जाकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के महिला विरोधी रवैये का पर्दाफाश करेंगे और इस जनजागरण अभियान को और तेज करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि देशहित में केंद्र सरकार द्वारा लिए गए हर महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय का कांग्रेस ने लगातार विरोध किया है। चाहे जीएसटी का क्रियान्वयन और उससे जुड़े संशोधन हों, राम मंदिर निर्माण का विषय हो, सेंट्रल विस्टा परियोजना हो या फिर तीन तलाक, धारा 370 और 35ए जैसे प्रावधानों को समाप्त करने जैसे फैसले—कांग्रेस ने हर बार राष्ट्रहित के निर्णयों का विरोध किया है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के हितों की बात आने पर भी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का रवैया दोहरा और पक्षपातपूर्ण रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल केवल कुछ चुनिंदा राजनीतिक परिवारों की महिलाओं को ही प्राथमिकता देते रहे हैं, जबकि आम महिलाओं की अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि इतिहास से लेकर वर्तमान तक ऐसे अनेक उदाहरण मौजूद हैं, जहां विशेष परिवारों की महिला नेताओं को ही प्रमुखता दी गई, जबकि सामान्य वर्ग की महिलाओं को अवसरों से वंचित रखा गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कांग्रेस तथा उसके सहयोगी दलों की जनविरोधी और महिला विरोधी नीतियों के खिलाफ यह अभियान और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेगा।