कांग्रेस नेताओं को अच्छे डॉक्टर से आंखों की जांच करवाकर चश्मा लगवा लेना चाहिए, तब बड़सर के विकास की हकीकत दिखाई देगी : लखनपाल

कांग्रेस के आरोपों पर विधायक का पलटवार, कहा—तथ्यों और दस्तावेजों के साथ जनता के सामने आए विपक्ष

कांग्रेस नेताओं को अच्छे डॉक्टर से आंखों की जांच करवाकर चश्मा लगवा लेना चाहिए, तब बड़सर के विकास की हकीकत दिखाई देगी : लखनपाल
बड़सर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा आयोजित विशाल आक्रोश रैली के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अच्छे डॉक्टर से अपनी आंखों की जांच करवाकर चश्मा लगवा लेना चाहिए, तब उन्हें बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विकास की वास्तविक तस्वीर दिखाई देगी। विधायक ने कहा कि भाजपा की आक्रोश रैली किसी व्यक्ति विशेष का कार्यक्रम नहीं थी, बल्कि भारतीय जनता पार्टी का लोकतांत्रिक आंदोलन था, जिसमें दोनों मंडलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम जनता ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, प्रशासनिक दुरुपयोग और क्षेत्र की समस्याओं के विरोध में आयोजित किया गया था। भाखड़ा पेयजल योजना भाजपा सरकार की देन विधायक लखनपाल ने कहा कि कांग्रेस जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाखड़ा पेयजल योजना की परिकल्पना और प्रक्रिया पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी। प्रारंभ में योजना ब्यास नदी से प्रस्तावित थी, लेकिन तकनीकी कारणों से बाद में इसे भाखड़ा बांध से जोड़ा गया तथा इसके टेंडर भी भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही किए गए थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बनने के बाद योजना की गति धीमी पड़ गई और आज भी कार्य अधूरा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि यदि दिसंबर तक योजना शुरू होने का दावा किया जा रहा है तो उसकी वास्तविक प्रगति और शेष कार्यों का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए। साथ ही जिन क्षेत्रों में अतिरिक्त जल भंडारण टैंकों की आवश्यकता है, वहां पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जाए। जल शक्ति विभाग की नियुक्तियों पर उठाए सवाल विधायक ने कहा कि जल शक्ति विभाग में हुई नियुक्तियों को लेकर उन्हें अनेक युवाओं की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र के योग्य युवाओं की अनदेखी कर अन्य क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि जल्द ही संबंधित दस्तावेज और प्रमाण सार्वजनिक किए जाएंगे। साथ ही विभाग को मेरिट सूची, चयन प्रक्रिया और निर्धारित मानदंड भी सार्वजनिक करने चाहिए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो सके। जनहित की योजनाओं का श्रेय लेना गलत नहीं विकास कार्यों का श्रेय लेने के आरोपों का जवाब देते हुए विधायक ने कहा कि प्रत्येक विधायक अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के आधार पर योजनाओं का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखता है। यदि उन्हीं प्रस्तावों को स्वीकृति मिलती है तो जनता को इसकी जानकारी देना पूरी तरह उचित है। उन्होंने जजरी, बलड़ा और करलोटी सड़क परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी डीपीआर उनके कार्यकाल में तैयार हुई तथा नाबार्ड के माध्यम से लगभग ₹9.50 करोड़ की स्वीकृति मिली। उन्होंने कहा कि सरकार कोई भी हो, यदि क्षेत्र के विकास के लिए धन उपलब्ध कराती है तो उसका स्वागत किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री को तीन बार सौंपा मांगपत्र मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर उठाए गए सवाल पर विधायक ने कहा कि वह अब तक तीन बार मुख्यमंत्री को बड़सर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित लिखित मांगपत्र सौंप चुके हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा के भीतर और बाहर उन्होंने लगातार सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे मजबूती से उठाए हैं। बीडीसी चुनाव टालना लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण प्रदेश में कथित जंगलराज संबंधी बयान पर विधायक ने कहा कि लंबे समय से ब्लॉक समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव लंबित रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि संख्या बल के अभाव में चुनाव जानबूझकर टाले जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप कार्य करने की अपील की। बस स्टैंड पर राजनीति नहीं, स्थायी समाधान चाहिए बड़सर बस स्टैंड विवाद पर विधायक ने कहा कि बड़सर और मेहरे दोनों क्षेत्रों के लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पहले बड़सर में बस स्टैंड के लिए भूमि चिन्हित की गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से योजना आगे नहीं बढ़ सकी। बाद में अन्य विकल्प भी तलाशे गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बस स्टैंड के लिए धनराशि उपलब्ध करवाना स्वागत योग्य कदम है और जनता की सहमति तथा क्षेत्रहित को ध्यान में रखकर स्थायी समाधान निकाला जाना चाहिए। भाजपा एकजुट है, नई-पुरानी भाजपा जैसी कोई बात नहीं कांग्रेस द्वारा भाजपा के भीतर कथित गुटबाजी के आरोपों को खारिज करते हुए विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें सम्मान दिया और जनता की सेवा का अवसर दिया। कुछ व्यक्तियों की व्यक्तिगत राय को पूरी पार्टी की सोच नहीं माना जा सकता। जनहित की आवाज उठाना ही मेरा दायित्व विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि उन्होंने हमेशा जनता के हितों के लिए संघर्ष किया है। कांग्रेस में रहते हुए भी उन्होंने गलत नीतियों का विरोध किया और आज भाजपा में रहते हुए भी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से चुने हुए जनप्रतिनिधियों और भाजपा समर्थकों को प्रशासनिक माध्यम से परेशान कर रही है। अंत में विधायक ने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास किसी भी आरोप के समर्थन में तथ्य और दस्तावेज हैं तो उन्हें जनता के सामने प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि बड़सर की जागरूक जनता सब कुछ देख रही है और विकास, पारदर्शिता तथा जनहित की राजनीति का जवाब उचित समय पर स्वयं देगी।