दियोटसिद्ध में टैक्सी ऑपरेटरों और अन्य लोगों को बताईं नालसा की योजनाएं

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आयोजित किया विधिक जागरुकता शिविर

दियोटसिद्ध में टैक्सी ऑपरेटरों और अन्य लोगों को बताईं नालसा की योजनाएं
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण हमीरपुर ने दियोटसिद्ध में विधिक जागरुकता शिविर आयोजित किया। पुलिस चौकी दियोटसिद्ध के सहयोग से आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित दियोटसिद्ध, चकमोह और शाहतलाई के टैक्सी ऑपरेटरों, ड्राईवरों और अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कुलदीप शर्मा ने कहा कि आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने के लिए नालसा ने कई योजनाएं आरंभ की हैं। इन योजनाओं में मुफ्त कानूनी सहायता योजना सबसे महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने बताया कि एससी-एसटी वर्ग के लोग, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांग, आपदा पीड़ित, अत्याचार पीड़ित, श्रमिक, किन्नर, कैदी और सालाना 3 लाख रुपये से कम आय वाले सभी वर्गों के लोग मुफ्त कानूनी सहायता योजना का लाभ लेने के लिए पात्र हैं। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया बहुत ही सरल है। किसी भी न्यायालय परिसर में स्थापित फ्रंट आफिस में जाकर पात्र लोग मुफ्त कानूनी सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। मानव तस्करी के शिकार लोगों, झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों, असंगठित क्षेत्र के कामगारों, नशे के जाल में फंसे लोगों, किसी भी तरह के अत्याचार और तेजाब हमलों की शिकार महिलाओं की मदद के लिए भी नालसा ने योजनाएं आरंभ की हैं। कुलदीप शर्मा ने बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए नालसा के हेल्पलाइन नंबर 15100 पर भी संपर्क किया जा सकता है। मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए प्राधिकरण के पैनल वकील और पैरा लीगल वॉलंटियर्स उपलब्ध करवाए जाते हैं। उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी भी दी और कहा कि प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान चली जाती है। कई लोग उम्र भर के लिए अपाहिज हो जाते हैं और पीड़ित परिवारों को कई मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करना चाहिए। कुलदीप शर्मा ने लोगों को नशे की समस्या के प्रति भी जागरुक किया। कार्यक्रम के दौरान दियोटसिद्ध पुलिस चौकी प्रभारी ने भी लोगों को कई महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां प्रदान कीं।