बैंकों की ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर अपना उद्यम लगाएं महिलाएं

मशरूम की खेती के प्रशिक्षण शिविर के समापन पर नाबार्ड के डीडीएम नरेश कुमार ने की अपील

बैंकों की ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर अपना उद्यम लगाएं महिलाएं
पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा मशरूम की खेती पर आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर बुधवार को संपन्न हो गया। इस प्रशिक्षण शिविर में 27 महिलाओं ने भाग लेकर मशरूम की खेती के गुर सीखे। शिविर के समापन अवसर पर नाबार्ड के डीडीएम नरेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए नरेश कुमार ने कहा कि महिलाओं को विभिन्न विभागों और बैंकों की ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उद्यम या कारोबार आरंभ करने चाहिए। आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं घर में सीमित जगह पर भी बड़े पैमाने पर मशरूम की खेती आरंभ कर सकती हैं। इसके लिए विभिन्न बैंकों से ऋण प्राप्त करने में आरसेटी भी उनकी मदद कर सकता है। इस अवसर पर आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीपीएफ अकाउंट, किसान क्रेडिट कार्ड और अन्य योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह भी किया। शिविर के समापन अवसर पर मूल्यांकनकर्ता सोम दत्त शर्मा, अमन कुमार, फैकल्टी मैंबर संजय हरनोट और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।