आपके पुराने गर्म कपड़े आ सकते हैं किसी के काम, 31 अक्तूबर तक करें डोनेट

आपके पुराने गर्म कपड़े आ सकते हैं किसी के काम, 31 अक्तूबर तक करें डोनेट
अगर आपके घर में पुराने गर्म कपड़े जैसे- स्वैटर, जैकेट, कोट, शॉल, मफलर, टोपी और गर्म जुराबें, कंबल, रजाई तथा जूते इत्यादि काफी समय से ऐसे ही पड़े हुए हैं और ये अच्छी हालत में हैं तो ये किसी अन्य जरुरतमंद एवं गरीब के काम आ सकते हैं। आम तौर पर सभी साधन संपन्न घरों में ऐसा सामना अक्सर यूं ही पड़ा रहता है और खराब होता रहता है। ऐसे सामान को किसी जरुरतमंद गरीब परिवार तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन और जिला रैडक्रॉस सोसाइटी एक बार फिर एक विशेष पहल करने जा रही है। उपायुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति या परिवार अपने पुराने गर्म कपड़े जैसे- स्वैटर, जैकेट, कोट, शॉल, मफलर, टोपी और गर्म जुराबें, कंबल, रजाई तथा जूते इत्यादि डोनेट करना चाहता है तो वह इसे 31 अक्तूबर तक हमीरपुर के बचत भवन के परिसर में स्थित जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के कार्यालय में पहुंचा सकता है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 86298-19222 पर संपर्क किया जा सकता है। उपायुक्त ने बताया कि जिला रैडक्रॉस सोसाइटी ने जून महीने में भी इसी तरह का अभियान चलाया था, जिसमें लोगों ने बड़ी संख्या में कपड़े और खिलौने डोनेट किए थे। अब सर्दी के मौसम को देखते हुए जिला रैडक्रॉस सोसाइटी ने गर्म कपड़े, कंबल और रजाई इत्यादि एकत्रित करके इन्हें गरीब एवं जरुरतमंद लोगों को वितरित करने का निर्णय लिया है।