भोरंज को झकझोर गया हादसा: गारली-धबढ़ियाना के पास कार खाई में गिरी, दो की मौत-दो घायल; राजीव राणा ने पहुंचकर जताया शोक

भोरंज को झकझोर गया हादसा: गारली-धबढ़ियाना के पास कार खाई में गिरी, दो की मौत-दो घायल; राजीव राणा ने पहुंचकर जताया शोक
भोरंज क्षेत्र को झकझोर देने वाला एक दर्दनाक सड़क हादसा गारली-धबढ़ियाना के समीप सामने आया, जहां सेंट्रो कार (HP 22D 3596) अनियंत्रित होकर लगभग 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों में से एक ही परिवार के दो की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान भोरंज क्षेत्र के गांव दलालड़ निवासी श्री रमेश चंद धीमान (74 वर्ष) तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती संतोष कुमारी (66 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय रमेश चंद धीमान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि संतोष कुमारी को अस्पताल ले जाते समय मृत घोषित किया गया। जानकारी के अनुसार, कार चालक श्री पृथि चंद अपनी पत्नी श्रीमती सरोज कुमारी, जीजा रमेश चंद धीमान और उनकी पत्नी संतोष कुमारी के साथ रिश्तेदार के यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान गारली-धबढ़ियाना के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम उपरांत दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। वहीं घायल पृथि चंद और सरोज कुमारी को तत्काल डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के बाद दोनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है तथा उन्हें जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। राजीव राणा पहुंचे अस्पताल, परिवार को बंधाया ढांढस घटना की सूचना मिलते ही राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य एवं प्रदेश चेयरमैन केकेसी हिमाचल प्रदेश राजीव राणा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। राजीव राणा ने कहा, "यह हादसा अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। भोरंज ने अपने दो सम्मानित नागरिक खो दिए हैं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।" इस हृदयविदारक हादसे से पूरे भोरंज क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।