संसदीय समिति का अध्ययन दौरा संपन्न, अनुराग सिंह ठाकुर ने की खनन एवं इस्पात क्षेत्र की प्रमुख इकाइयों की समीक्षा

संसदीय समिति का अध्ययन दौरा संपन्न, अनुराग सिंह ठाकुर ने की खनन एवं इस्पात क्षेत्र की प्रमुख इकाइयों की समीक्षा
पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति का कोच्चि अध्ययन दौरा तीन महत्वपूर्ण बैठकों के साथ संपन्न हुआ। समिति ने देश की खनिज एवं इस्पात क्षमताओं को मजबूत करने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की। अध्ययन दौरे के अंतिम दिन समिति ने खान मंत्रालय के प्रमुख सार्वजनिक उपक्रमों नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (NALCO) और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) के कामकाज की समीक्षा की। अनुराग सिंह ठाकुर और समिति के सदस्यों ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उत्पादन क्षमता, परिचालन दक्षता, क्षमता विस्तार योजनाओं तथा गैर-लौह धातुओं की बढ़ती राष्ट्रीय मांग को पूरा करने के लिए आवश्यक रणनीतिक पहलों पर चर्चा की। ये धातुएं औद्योगिक विनिर्माण और स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसके बाद समिति ने इस्पात मंत्रालय से संबंधित दो विस्तृत सत्रों में देश की आपूर्ति श्रृंखला और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। KIOCL लिमिटेड, MSTC लिमिटेड और MECON लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ भारत में लौह अयस्क हैंडलिंग बुनियादी ढांचे के उन्नयन पर चर्चा की गई। समिति ने इसे लॉजिस्टिक्स लागत कम करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बताया। अंतिम सत्र में समिति ने नैशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NMDC) और नैशनल स्टील लिमिटेड (NSL) के कामकाज की व्यापक समीक्षा की। अनुराग सिंह ठाकुर ने परिचालन व्यवस्था के आधुनिकीकरण, इस्पात उत्पादन में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने तथा देश के महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा एवं आर्थिक विकास लक्ष्यों में इन महत्वपूर्ण उद्योगों की प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के अनुरूप खनिज एवं इस्पात क्षेत्र को और मजबूत करने की आवश्यकता रेखांकित की।