पीएनबी की हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेता अधिकारियों को किया पुरस्कृत

पीएनबी की हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेता अधिकारियों को किया पुरस्कृत
पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय हमीरपुर ने पहली सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक हिंदी माह उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस माह के दौरान पंजाब नेशनल बैंक ने राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा कार्यालयों के आम कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नौ प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया। इन प्रतियोगिताओं में मंडल कार्यालय हमीरपुर के अलावा इस मंडल के अधीनस्थ शाखाओं के स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से कर्मचारियों को अपनी भाषाई प्रतिभा, रचनात्मकता एवं हिंदी के प्रति रुचि प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ। मंडल कार्यालय प्रमुख अरविंद यादव ने हिंदी माह के अंतर्गत आयोजित इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी अधिकारियों को शुक्रवार को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर अरविंद यादव ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी राजभाषा हिंदी से संबंधित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया। यह पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों में मंडल कार्यालय के उप प्रमुख पोविंदर ठाकुर और पीएनबी के कई अन्य अधिकारी शामिल रहे।