प्रदेश में शूटरों का बोलबाला सरेआम चल रही गोलियां: महेंदर धर्माणी

प्रदेश में शूटरों का बोलबाला सरेआम चल रही गोलियां: महेंदर धर्माणी

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के मेवा सेक्टर के सहप्रभारी महेंदर धर्मानी ने आज एक महत्वपूर्ण प्रेस विज्ञप्ति में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा हमला बोला है। धर्मानी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने में मशगूल हैं, जबकि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला है और सरेआम गोलियां चलाने की घटनाएँ आम हो गई हैं।

महेंदर धर्मानी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल राजनीतिक लाभ और अपनी कुर्सी को सुरक्षित रखने के लिए काम कर रहे हैं, जबकि जनता की सुरक्षा और प्रदेश की कानून व्यवस्था को अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री को केवल अपनी कुर्सी बचाने की चिंता है, और इस कारण प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। समाज और अपराधी तत्वों द्वारा सरेआम गोलियां चलाने, हथियार दिखाने और जनता को डराने-धमकाने की घटनाएँ तेजी से बढ़ रही हैं।"

धर्मानी ने बिलासपुर, बद्दी, और कुल्लू का हवाला देते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में स्थिति बहुत गंभीर हो गई है, जहाँ असमाजिक और आपराधिक तत्व सरेआम कानून की धज्जियाँ उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा, "प्रदेश में हर तरफ माफिया का राज है। अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है, और ऐसा प्रतीत होता है पुलिस प्रशासन भी सरकार के दबाव में पंगु हो चुका है।"

भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह पर यह आरोप भी लगाया कि उन्होंने अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को निभाने में पूरी तरह से विफलता दिखाई है। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री केवल राजनीति तक सीमित हैं और उनकी नाकामी के चलते प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो चुकी है। जनता की जान-माल की सुरक्षा में सरकार असफल हो रही है।"